चण्डीगढ़, 21.05.26- : गांव दरिया के पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर यातायात अव्यवस्था, स्वच्छता की कमी और यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर भारत सरकार के रेलवे मंत्रालय को विस्तृत शिकायत एवं सुझाव पत्र भेजा है। उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर और बाहरी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर चिंता जताते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।
अपने ज्ञापन में गुरप्रीत सिंह हैप्पी ने कहा कि रेलवे स्टेशन के बाहर बस स्टैंड क्षेत्र में यात्रियों के लिए शौचालय, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण का अभाव है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो, टैक्सी और अन्य वाहन अव्यवस्थित ढंग से खड़े रहते हैं, जिससे लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। कई ऑटो चालक प्लेटफॉर्म तक पहुंच जाते हैं और बाहर से आने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों को ट्रैवल के नाम पर गुमराह कर आर्थिक शोषण करते हैं।
ज्ञापन में उन्होंने मांग की कि ऑटो एवं टैक्सी स्टैंड के लिए अलग-अलग निर्धारित स्थान बनाए जाएं तथा ऑटो चालकों के लिए नंबर आधारित लाइन व्यवस्था लागू की जाए। इसके साथ ही ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए वर्दी एवं नेम प्लेट अनिवार्य करने की भी मांग उठाई गई ताकि यात्रियों को सुरक्षा और विश्वास का माहौल मिल सके।
गुरप्रीत सिंह हैप्पी ने रेलवे स्टेशन परिसर में ध्वनि प्रदूषण पर भी चिंता जताई और कहा कि तेज आवाज में रेडियो व अनावश्यक शोर पर नियंत्रण किया जाना चाहिए। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर सक्रिय ट्रैवल एजेंटों के लिए अधिकृत पहचान पत्र जारी करने तथा बिना टिकट प्लेटफॉर्म पर जाने वालों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग भी की।
उन्होंने रेलवे मंत्रालय से मांग की कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित बस स्टैंड को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाया जाए तथा रेलवे पुलिस थाना को भी वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस किया जाए ताकि यात्रियों को बेहतर सुरक्षा और सहायता मिल सके।
पूर्व सरपंच ने कहा कि यदि इन सुझावों को लागू किया जाए तो चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर आने वाले लाखों यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था मिल सकेगी।