घुमारवीं की ग्राम पंचायत सेऊ में स्थापित पिंक मतदान केंद्र में 113 वर्षीय मंगलू देवी ने किया मतदान
बिलासपुर, 26 मई: जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के पहले चरण के चुनाव में आज मतदाताओं ने बढ़-चढ़ कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदाता प्रातः काल से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में मतदान करने के लिए उत्साहित नजर आए। जिला बिलासपुर में दोपहर 1 बजे तक लगभग 61 प्रतिशत मतदान दर्ज हो चुका है।
जिला के घुमारवीं विकास खंड की ग्राम पंचायत सेऊ के अंतर्गत स्थापित पिंक बूथ में 113 वर्षीय मंगलू देवी ने अपने मताधिकार इस्तेमाल किया। गांव भदरोग निवासी मंगलू देवी मतदान करने के लिए अन्य परिजनों के साथ मतदान केंद्र पहुंची थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मंगलू देवी के इस जज्बे की सराहना की तथा कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में उनकी भागीदारी न केवल दूसरे मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित करेगी बल्कि युवाओं के लिए वह एक प्रेरणा स्त्रोत भी बनी हैं।

============================

अग्निवीर भर्ती में इस बार एआरओ हमीरपुर से लगभग 1000 युवाओं की सेलेक्शन, 27 को रिपोर्ट करने के आदेश

हमीरपुर 26 मई। थल सेना अग्निवीर भर्ती 2025-26 के अंतर्गत जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के युवाओं के लिए आयोजित अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन की भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित कर दिया गया है।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि यह परिणाम वेबसाइट ज्वाइनइंडियनआर्मी.एनआईसी.इन joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस बार थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के अंतर्गत लगभग 1000 युवाओं की सेलेक्शन हुई है जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
उन्होंने सभी सफल उम्मीदवारों से अपील की है कि वे 27 मई को सुबह 8:30 बजे थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर में आगामी औपचारिकताओं के लिए रिपोर्ट करें।