बड़सर में भी प्रगणकों और सुपरवाइजरों समझाई स्व-गणना एवं जनगणना की प्रक्रिया
बड़सर 05 जून। उपमंडल बड़सर में भी जनगणना-2027 के कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी कड़ी में यहां मिनी सचिवालय में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के संबंध में जागरुकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में मिनी सचिवालय बड़सर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ जनगणना प्रशिक्षण हेतु तैनात किए जाने वाले शिक्षक भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर एसडीएम स्वाति डोगरा ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षक वर्ग से जनगणना-2027 की स्व-गणना की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में स्व-गणना की सुविधा एक जून से 15 जून 2026 तक उपलब्ध है। इसमें सभी नागरिक या परिवारों के मुखिया स्वगणना पोर्टल एसई.सेन्सस.जीओवी.इन पर अपने परिवार एवं आवास संबंधी विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने सभी से निर्धारित अवधि के भीतर स्व-गणना पूर्ण कर जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है तथा इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े विकासात्मक योजनाओं एवं जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश के जिला जनगणना समन्वयक अजय सोलंकी ने प्रतिभागियों को स्व-गणना प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीकरण तथा जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए जनगणना-2027 के महत्व तथा स्व-गणना के माध्यम से नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्हांेने कहा कि अगर स्व-गणना पोर्टल पर 15 जून तक अपनी जानकारी स्वयं अपलोड करेंगे तो इससे जनगणना का कार्य बहुत आसान हो जाएगा और डाटा भी सही एवं सटीक होगा।
=====================================================
हमीरपुर में लघु रोजगार मेला 11 को
कुल 445 पदों के लिए होंगे साक्षात्कार
हमीरपुर 05 जून। जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में 11 जून को सुबह 10 बजे लघु रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 445 पदों के लिए पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस लघु रोजगार मेले में बद्दी की प्रसिद्ध कंपनी माइलस्टोन गियर्स लिमिटेड मशीन ऑपरेटर, प्रोडक्शन एवं क्वालिटी ट्रेनी के 300 पदों को भरेगी। इन पदों के लिए अभ्यर्थी बारहवीं पास या फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट और एमएमवी ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमाधारक, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या बीटैक डिग्रीधारक 18 से 25 वर्ष तक के अविवाहित पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। चयनित युवाओं को 14 हजार से 16 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि एचएमसी-ई वैली प्राइवेट लिमिटेड भी टेक्निकल एसोसिएट, ऑपरेटिंग इंजीनियर, असेंबली और वैल्डिंग के 45 पदों के लिए साक्षात्कार लेगी। इन पदों के लिए बारहवीं पास आईटीआई डिप्लोमाधारक तथा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और ऑटोमोबाइल ट्रेड में डिप्लोमाधारक महिला एवं पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। उनकी आयु 18 से 32 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 18,500 रुपये से 22,500 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस लघु रोजगार मेले में एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर भी सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 100 पदों के लिए साक्षात्कार लेगी। इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 52 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को 18,000 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन, ईपीएफ, ईएसआई, बीमा एवं पेंशन जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।।