नगर निगम के कार्यालय भवन का शिलान्यास और दुकानों का उदघाटन करेंगे मुख्यमंत्री

हमीरपुर 14 जुलाई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को हमीरपुर का दौरा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे हमीरपुर पहुंचेंगे। थोड़ी देर के लिए सर्किट हाउस में रुकने के बाद वह करीब 11ः45 बजे बस स्टैंड के सामने रानी झांसी पार्क के पास नगर निगम की 11 दुकानों का उदघाटन करेंगे। इसके बाद वह टाउन हॉल के परिसर में नगर निगम के कार्यालय भवन का शिलान्यास भी करेंगे। शिलान्यास के बाद वह टाउन हॉल में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री शिमला लौट जाएंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने नगर निगम के अधिकारियों को उदघाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
====================================================
23 तक बंद रहेगी मुंडखर-नैली जमली-मनोह सड़क

भोरंज 14 जुलाई। उपमंडल भोरंज में मुंडखर-नैली जमली-मनोह सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 23 जुलाई तक बंद किया गया है।
एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा ने बताया कि मुंडखर-नैली जमली-मनोह सड़क के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य को सुचारू रूप जारी रखने के लिए इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 23 जुलाई तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक जाहू-पट्टा मुख्य मार्ग से आवाजाही कर सकते हैं।
====================================================
जलाड़ी सौंखला में टीसीपी एक्ट के उल्लंघन पर एक व्यक्ति को नोटिस

नादौन 14 जुलाई। तहसील नादौन के राजस्व मुहाल जलाड़ी सौंखला में नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) अधिनियम का उल्लंघन करते हुए निर्माण करने पर एक व्यक्ति को टीसीपी विभाग ने नोटिस जारी किया है।
विभाग के नियोजन अधिकारी की ओर से हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम-1977 की धारा 39 की उपधारा-1 के तहत जारी इस नोटिस में निर्माण कार्यों को तुरंत बंद करने तथा साइट पर पूर्व की स्थिति बहाल के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।