चंडीगढ़, 30 जुलाई 2026 — संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा ‘श्री गुरु रविदास समरस संकल्प अभियान’ को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय, सेक्टर-33, कमलम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में अभियान के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी, पूर्व मेयर रविकांत शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, पूर्व मेयर राजेश कालिया, पूर्व प्रदेश सचिव देवी सिंह, राजपाल डोगर, पूर्व पार्षद राजेंद्र कौर रत्तू, जिला अध्यक्ष रविंद्र मलिक तथा रेखा सूद सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रव्यापी ‘श्री गुरु रविदास अमृत संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से संत गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और उनके समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत 29 जुलाई को कलश यात्रा से की गई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर देशभर के रविदास मंदिरों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

‘कलश वंदन अभियान’ के तहत संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की जन्मस्थली श्री गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी को 11,000 पवित्र कलशों में स्थापित कर देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में 31 जुलाई 2026 को पावन कलश चंडीगढ़ पहुंचेगा, जिसका भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

कलश यात्रा का चंडीगढ़ प्रवेश द्वार बहलाना में शाम 4 बजे भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात यात्रा हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट, हल्लोमाजरा चौक, रामदरबार से होते हुए इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 पहुंचेगी और वहां से सेक्टर-31 मार्केट होते हुए सेक्टर-32 स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचेगी, जहां कलश यात्रा का विधिवत समापन होगा।

भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश ने सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा शहरवासियों से आह्वान किया है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के समता, सद्भाव, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।