बिलासपुर, 29 अगस्त: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महराणा में घुमारवीं ब्लॉक-1 की अंडर-14 छात्र वर्ग की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली तथा प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस प्रतियोगिता में घुमारवीं ब्लॉक-1 के 24 स्कूलों के 286 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। छात्र वर्ग में वॉलीबॉल, खो-खो, कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी और शतरंज सहित छह खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा, जहां चयनित खिलाड़ी घुमारवीं ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित खिलाड़ी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले ग्रामीण एवं दूर-दराज क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, संगीत, एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट एंड गाइड जैसी गतिविधियों में भागीदारी भी आवश्यक है। बच्चों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलें, ताकि उनका व्यक्तित्व संतुलित रूप से विकसित हो और वे भविष्य में अच्छे नागरिक बन सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। खिलाड़ियों की डाइट राशि को लगभग तीन गुना बढ़ाया गया। राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 250 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए एसी सेकेंड क्लास रेल यात्रा तथा 250 किलोमीटर से अधिक दूरी होने पर हवाई यात्रा की सुविधा का प्रावधान किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सीबीएसई बोर्ड से संबंद्ध स्कूलो की सुविधा उपलब्ध करवाई है। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में 4 स्कूलों जिनमें कपाहड़ा, भराड़ी, हटवाड़ और घुमारवीं शामिल है को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए अतिरिक्त अध्यापकों की नियुक्तियां की जा रही हैं। अंग्रेजी, गणित, रसायन विज्ञान, भूगोल, संगीत और कंप्यूटर सहित विभिन्न विषयों के अध्यापकों की तैनाती की गई है, जबकि अन्य विषयों के अध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी राज्य चयन आयोग के माध्यम से की जा रही प्रदेश सरकार का प्रयास है कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सर्वांगीण विकास के दृष्टिगत पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक्सपोजर देने को विभिन्न कार्यक्रम चला रही है। स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षक एक्सपोजर विजिट पर जा रहे हैं। हाल ही में आईटीआई के विद्यार्थियों को भी विदेश भ्रमण करवाया गया है। उन्होंने बताया कि 6 सितंबर से प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों के 44 विद्यार्थी अध्यापकों के साथ जापान जाएंगे। उन्होंने कहा कि जापान तकनीकी क्षेत्र में काफी उन्नत है और वहां विद्यार्थियों को नई तकनीक तथा कार्यप्रणाली को देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों से मेजर ध्यान चंद के जीवन और खेल के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का भी आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे बड़ों से ही सीखते हैं और बड़ों का कर्तव्य है कि वह बच्चों के सामने रोल मॉडल बनें तथा सही दिशा और सकारात्मक वातावरण प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का वातावरण, शिक्षा और मार्गदर्शन बच्चों को मिलेगा, उसी के अनुरूप उनका व्यक्तित्व विकास होगा।
इस अवसर पर उन्होंने महराणा स्कूल में स्टेज निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त खेल मैदान में चार सोलर लाइट भी स्थापित की जाएंगी, ताकि प्रतियोगिता के दौरान प्रकाश व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।
इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा, एसएमसी प्रधान सुनील कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, खिलाड़ी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।