शिमला:25.09.26- अपने अध्ययन प्रवास के लिए इटली से फिनलैंड की राजधानी हेलंसिकी पहुँचे हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां के सम्मान में गत रात्री भारतीय उच्चायोग द्वारा रात्री भोज का आयोजन किया गया तथा कई कूटनीतिक विषयों पर चर्चा की गई। इसका आयोजन भारतीय उच्चायोग प्रमुख मयंक गोयल द्वारा भारतीय दूतावास में किया गया तथा विधान सभा अध्यक्ष के साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई।

मिशन प्रमुख ने माननीय अध्यक्ष और उनके साथ आए प्रतिनिधिमण्डल का गर्मजोशी से स्वागत किया। बातचीत में भारत और फ़िनलैंड के बीच बढ़ती मित्रता तथा हिमाचल प्रदेश के साथ सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इनमें शिक्षा, पर्यटन, हरित ऊर्जा, सतत विकास और संसदीय कार्यप्रणाली के आदान-प्रदान जैसे विषय शामिल थे।

माननीय अध्यक्ष ने मयंक गोयल को उनके गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने भारत-फ़िनलैंड संबंधों को मजबूत करने और फ़िनलैंड में भारतीय समुदाय का सहयोग करने के लिए दूतावास के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मिशन प्रमुख को हिमाचल प्रदेश आने का निमंत्रण भी दिया। इस दौरान विधान सभा अध्यक्ष ने हिमाचली टोपी, शॉल तथा अन्य उत्पादों पर चर्चा की तथा हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की बढ़ती सम्भावनाओं का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने उच्चायोग के अधिकारियों के साथ हिमाचल में मौजूद धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन पर विस्तृत चर्चा की तथा इसे विदेशों में भी उच्चायोग के माध्यम से प्रचारित तथा प्रसारित करने का आग्रह किया।