सरकार को घोषणा के बाबजूद अग्रोहा को रेल लाइन से ना जोड़ने से देश के वैश्य समाज में भारी नाराजगी है - बजरंग गर्ग
अग्रोहा को रेल लाइन से जोड़ने से हरियाणा ही नहीं, बल्कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी - बजरंग गर्ग
अग्रोहा धार्मिक स्थल के साथ-साथ महाराजा अग्रसेन जी की ऐतिहासिक नगरी व राजधानी थी - बजरंग गर्ग
महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को सेवा, समानता, सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया - बजरंग गर्ग
हिसार, 05.10.26 - वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की एक अवश्यक बैठक उकलाना में अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारणी अध्यक्ष व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रान्तीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें भारी संख्या में वैश्य के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बजरंग गर्ग ने उपस्थित प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि 2005 में अग्रोहा को रेल लाइन से जोड़ने की घोषणा की गई थी मगर दो दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अग्रोहा को रेलवे लाइन से ना जोड़ने से देश के वैश्य समाज में भारी नाराजगी है। बजरंग गर्ग ने कहा कि वर्ष 2005 से लेकर आज तक देश में लालू प्रसाद यादव, पवन कुमार बंसल, सुरेश प्रभु, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव आदि पूर्व व मौजूदा रेल मंत्रियों ने अग्रोहा को रेल लाइन से जोड़ने की घोषणा की थी। हिसार, अग्रोहा, सिरसा 93 किलोमीटर रेलवे लाइन से जोड़ने की मंजूरी वार्षिक बजट में दी जा चुकी है। जिसका वार्षिक बजट भी पास किया जा चुका है। इसके बावजूद अग्रोहा को रेल नेटवर्क से जोड़ने का वैश्य समाज व आम जनता का सपना अभी तक पूरा नहीं हुआ। बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धार्मिक स्थल के साथ-साथ महाराजा अग्रसेन जी की ऐतिहासिक नगरी है। महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को सेवा, समानता, सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया तथा जरूरतमंदों को बसाने के लिए “एक ईंट, एक मुद्रा” जैसी सामाजिक व्यवस्था की मिसाल कायम की। देशभर से श्रद्धालु और समाज के लोग अग्रोहा धाम पहुंचते हैं, ऐसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल को आज तक रेलवे से न जोड़ पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा को रेल नेटवर्क से जोड़ने से हरियाणा ही नहीं, बल्कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे अग्रोहा क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बजरंग गर्ग कहा कि वैश्य समाज के प्रतिनिधियों में इस विषय को लेकर गहरी नाराजगी है। समाज लंबे समय से अग्रोहा धाम को रेल लाइन से जोड़ने की मांग करता आ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से मांग की है कि जल्दी से जल्दी अग्रोहा को रेल लाइन से जोड़ने का काम करें। बजरंग गर्ग ने यह भी बताया कि 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में विशाल वार्षिक मेला का आयोजन होने जा रहा है। जिसमें देश भर से लाखों लोग भाग लेंगे। यह मेला हर दृष्टिकोण से ऐतिहासिक होगा।
इस मीटिंग में व्यापार मंडल प्रधान महेश बंसल, अग्रोहा धाम उकलाना प्रधान सुरेश गर्ग, उपप्रधान राज कुमार गर्ग, प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र बंसल नेताजी, सतीश बंसल, नगर पालिका वाइस चेयरमैन हरीश गर्ग, सचिव श्यामसुंदर बंसल, वरूण गर्ग, रोशन मित्तल, राजकुमार गर्ग, कैलाश कोहीपुरा, बजरंग बंसल, भूषण बिंदल, विनोद गोयल, विनोद मित्तल, सुगन गोयल आदि प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।