सोलन-दिनांक 15.10.2026-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक समय में नई तकनीक की जानकारी और कौशल उन्नयन के माध्यम से बेहतर रोज़गार और स्वरोज़गार प्राप्त किया जा सकता है। डॉ. शांडिल आज औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने कहा कि कौशल विकास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि नई तकनीक और कौशल का सम्बन्ध युवाओं के लिए बेहतर जीवन के द्वार खोल सकता है। उन्होंने कहा कि कौशल उन्नयन निरंतर प्रक्रिया है और युवाओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपने हुनर को निखारने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि जीवन के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने का प्रयास करें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शिक्षा प्राप्ति के साथ-साथ संस्कारों को आत्मसात करना भी ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि संस्कारविहीन शिक्षा मनुष्य की उन्नति में बाधक बनती है।
उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि नशे से दूर रहे और एड्स जैसे भयानक रोग से बचाव के लिए जागरूक बनें।
डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा में नवाचार एवं उन्नत प्रौद्योगिकी के समावेश को बढ़ावा दे रही है। राज्य में ड्रोन प्रशिक्षण, कृत्रिम मेधा जैसी भविष्य की तकनीक में युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। समय की मांग के अनुरूप विशेष पाठ्यक्रमों का समावेश किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया और उत्तीर्ण छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संस्थान की बस उपलब्ध करवाने एवं अन्य मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन की प्रधानाचार्य नवीन कुमारी ने मुख्यातिथि एवं अन्य का स्वागत किया और समारोह तथा संस्थान की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि वर्ष 1959 स्थापित इस संस्थान में वर्तमान में 18 ट्रेड में 932 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। वर्ष 2026 में संस्थान में कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से 251 छात्रों को रोज़गार उपलब्ध हुआ है।
इस अवसर पर छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा, उप महापौर गौरव राजपूत, पार्षद अंकुश सूद, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत जौणाजी के प्रधान सचिन, ग्राम पंचायत मनसार के प्रधान जय प्रकाश, वरिष्ठ नेता शिव कुमार, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष अमित ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष पुनीत शर्मा, हिमाचल प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य शोभित बहल, कांग्रेस पार्टी सोलन के उपाध्यक्ष विजय ठाकुर, महासचिव शिव दत्त ठाकुर सहित कांग्रेस पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, उपमंडलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षक, छात्र एवं अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।