चण्डीगढ़, 06.11.26- : गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-20 में आज एक नई प्रेरणा और एक नए जोश के साथ ग्रीन दिवाली का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा महिला मोर्चा नेता श्रीमती रुबी गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती रितु ग्रोवर एवं अन्य शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर छात्राओं ने दिवाली की खुशी को पटाखों की जगह अपनी रचनात्मकता से मनाया। उन्होंने तरह-तरह की होममेड वस्तुएं, हस्तकला और सजावटी सामान प्रदर्शित किए। साथ ही दिवाली पर फूल-पौधे भेंट स्वरूप देने की एक नई प्रथा शुरू करने का अभियान भी चलाया, जिसे सभी ने खूब सराहा।
अपने संबोधन में श्रीमती रुबी गुप्ता ने कहा कि चंडीगढ़ में प्रदूषण अपना भयंकर रूप ले चुका है। हमारे तीज-त्योहारों को कॉरपोरेट वर्ल्ड अपने मार्केट को बूस्ट करने के लिए गलत दिशा में ले जा रहा है। हमें त्योहारों की मूल संरचना को समझना होगा और प्रदूषण मुक्त कार्यों के लिए समाज में प्रेरणा स्रोत बनना होगा। ग्रीन दिवाली ही सच्ची दिवाली है।
कार्यक्रम में दिल्ली दूरदर्शन, चंडीगढ़ की न्यूज़ रीडर श्रीमती भानु प्रिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने भी बच्चों की इस पहल की सराहना की और कहा कि यही छोटी-छोटी पहलें बड़े बदलाव की नींव बनती हैं।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के उत्साह, हरियाली के संदेश और प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने के संकल्प के साथ हुआ।