धर्मशाला, 12 नवंबर: कांगड़ा कार्निवल-2026 के सफल आयोजन को लेकर आज अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कार्निवल की तैयारियों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि कांगड़ा कार्निवल का आयोजन 24 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक पुलिस मैदान धर्मशाला में किया जाएगा। इस दौरान आयोजन को सफल बनाने के लिए पेयजल, अग्निशमन, विद्युत व्यवस्था, शोभा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता तथा विभिन्न आयोजन समितियों के गठन एवं उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि कांगड़ा कार्निवल का आयोजन इस प्रकार किया जाएगा कि इसमें कांगड़ा की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय पहचान की स्पष्ट झलक देखने को मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्निवल की प्रत्येक गतिविधि में कांगड़ा की विरासत और स्थानीय रंग को विशेष प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने बताया कि कांगड़ा वैली कार्निवाल के दौरान, मैराथन, साइक्लिंग व फुटबाल प्रतियोगिता, मिस एवं मिसेज कार्निवाल, शेफ टूर्नामेंट, लिटरेचर फेस्टिवल, लाइट एंड साउंड शो, एंटी चिट्टा थीम पर नुक्कड़ नाटक सहित क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में जिला के स्वयं सहायता समूह भी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कांगड़ा के विभिन्न पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों को भी आम जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को जिले के खान-पान और स्थानीय उत्पादों से रूबरू होने का अवसर मिल सके।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने तथा आयोजन के दौरान आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, डीडीओ ग्रामीण विकास अभिनीत कात्यायन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।