चण्डीगढ़, 13.11.26- : आज सेक्टर-48 मोटर मार्केट में चंडीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) के अध्यक्ष संजीव चड्ढा को विशेष रूप से मार्केट के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत करवाने के लिए आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर मार्केट के प्रधान बलदेव सिंह बाली एवं चेयरमैन कमल सूरी सहित मार्केट के अनेक व्यापारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने मार्केट में आ रही विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं तथा नगर निगम से संबंधित लंबित कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। संजीव चड्ढा ने सभी व्यापारियों की बात गंभीरतापूर्वक सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि चंडीगढ़ व्यापार मंडल व्यापारियों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।
व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने मौके पर ही नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से टेलीफोन पर बातचीत की तथा कुछ समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल आवश्यक निर्देश एवं कार्रवाई सुनिश्चित करवाने का प्रयास किया। वहीं, शेष लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा एवं समाधान के लिए सोमवार को नगर निगम के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हेतु समय भी मांगा।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर उन्हें धरातल पर हल करवाना आवश्यक है। सीबीएम शहर के प्रत्येक बाजार और प्रत्येक व्यापारी की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने तथा प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक अत्यंत सकारात्मक, सार्थक एवं परिणामोन्मुखी रही। व्यापारियों ने मौके पर ही समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए सक्रिय पहल करने पर संजीव चड्ढा का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सेक्टर-48 मोटर मार्केट के प्रधान बलदेव सिंह बाली, चेयरमैन कमल सूरी एवं अन्य गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।