बिलासपुर, 16 नवंबर: एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। चिकित्सक की सलाह के बिना इनका सेवन करना, निर्धारित खुराक में बदलाव करना और उपचार बीच में छोड़ देना एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस को बढ़ावा दे सकता है। इससे भविष्य में सामान्य संक्रमण का उपचार भी मुश्किल हो सकता है। इसलिए लोगों को दवाओं के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। यह विचार प्रदेश सरकार में नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने सोमवार को बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर स्थित बहुउद्देशीय सांस्कृतिक परिसर में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह समारोह-2026 के राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए व्यक्त किये।
फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया एवं हिमाचल प्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह की थीम स्वस्थ भारत-एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध का मुकाबला रखी गई थी। कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 1400 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
मंत्री ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। चिकित्सक द्वारा दवा लिखे जाने के बाद मरीज को उसकी सही खुराक, सेवन का समय और आवश्यक सावधानियां समझाने में फार्मासिस्ट की अहम भूमिका रहती है। वह केवल दवाएं उपलब्ध करवाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मरीजों के परामर्शदाता के रूप में भी कार्य करते हैं। आम लोगों को दवाओं के इस्तेमाल संबंधी तकनीकी निर्देशों की जानकारी नहीं होती, ऐसे में फार्मासिस्ट उन्हें सरल भाषा में समझाकर सुरक्षित उपचार सुनिश्चित करने में योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार लोग चिकित्सक की सलाह के बिना पेनकिलर, नींद की गोलियों और अन्य दवाओं का सेवन करते हैं। कुछ लोग इनका इस्तेमाल नशे के उद्देश्य से भी करते हैं, जो विशेषकर युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इस समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग, औषधि नियंत्रण प्रशासन, पुलिस और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे।
राजेश धर्माणी ने नकली एवं अमानक दवाओं के निर्माण और बिक्री पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दवा निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उत्पादन इकाइयों पर प्रभावी निगरानी रखना जरूरी है। हिमाचल प्रदेश के बद्दी-नालागढ़ जैसे प्रमुख फार्मा औद्योगिक क्षेत्रों में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए जागरूकता पोस्टरों की सराहना करते हुए कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल और दवा सुरक्षा से संबंधित ऐसी सामग्री अस्पतालों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं दवा बिक्री केंद्रों में प्रदर्शित की जानी चाहिए। सोशल मीडिया के माध्यम से भी इनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें।
मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन फार्मेसी के विद्यार्थियों के लिए सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। अनुभवी विशेषज्ञों के अनुभव और विचारों से विद्यार्थियों को अपने पेशे की चुनौतियों तथा जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि प्रदेश के सभी 36 फार्मेसी कॉलेजों में सात अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इनमें चयनित प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य दवा सुरक्षा, मरीज परामर्श और एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम में फार्मासिस्टों की भूमिका को प्रभावी ढंग से सामने लाना रहा।
इस अवसर पर फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल, गोपाल कृष्ण शर्मा (प्रदेश संयोजक), संजीव पंडित (सह-संयोजक), डॉ. कमलेश नायक (सह-संयोजक), डॉ. विनय पंडित (प्रदेश प्रतिनिधि), हेमंत शर्मा (प्रदेश प्रतिनिधि), राजेश कुमार (प्रदेश प्रतिनिधि) तथा सुरेंद्र नड्डा सहित फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पदाधिकारी, विशेषज्ञ, फार्मेसी कॉलेजों के प्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।