घुमारवीं (बिलासपुर), 15 नवम्बर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरपुर में रविवार को क्लस्टर स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरपुर में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 10 लाख रुपये की राशि शीघ्र उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल शैक्षणिक उपलब्धियां पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे व्यवहार का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन व्यायाम करने की सलाह देते हुए कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
श्री धर्माणी ने समय प्रबंधन (टाइम मैनेजमेंट) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी दिनचर्या इस प्रकार निर्धारित करनी चाहिए कि पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त समय मिल सके। समय का सही उपयोग करने की आदत भविष्य में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में मददगार साबित होती है।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मन में स्पष्ट उद्देश्य होना चाहिए। किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतरता, धैर्य और पूरी लगन के साथ प्रयास करना जरूरी है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि मेहनत और निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को पहचानने, क्षमताओं को निखारने और जीवन में एक बेहतर इंसान बनने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरपुर, राजकीय प्राथमिक केंद्र विद्यालय अमरपुर, राजकीय प्राथमिक पाठशाला पनौल, राजकीय प्राथमिक पाठशाला रिवाल ताल तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला विजयपुर सुंगाला सहित क्लस्टर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग की उपनिदेशक (उच्च शिक्षा) नरेश कुमारी चंदेल, अमरपुर पंचायत प्रधान अनीता, पनौल पंचायत प्रधान रीमा कुमारी, उपप्रधान विजय कुमार, बीडीसी सदस्य कंचन, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।