पंचकूला 14 नवम्बर 2026: - संसार में हर मनुष्य अपने घर और जीवन में स्थायी सुख चाहता है और कोई नहीं चाहता कि उसके घर में दुःख या कलह-क्लेश हो। पर सुख का स्थायी पता किसी आलीशान मकान, धन-दौलत या बड़े परिवार से नहीं बनता। सुख केवल वहीं बसता है जहाँ गुरमत अर्थात् गुरु की मत का वास होता है। ये उद्गार सन्त निरंकारी मण्डल, दिल्ली के सचिव श्री जोगिंदर सुखेजा जी ने आज क्षेत्रीय संचालक, चण्डीगढ़ श्री करनैल सिंह भुल्लर जी के सैक्टर 21 में नए निवास स्थान में आयोजित निरंकारी सन्त समागम की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।


चाहे शरीर रूपी घर हो या ईंट-गारे से बना मकान हो, जहाँ गुरु की मत को अपनाया जाता है वहाँ न छीना-झपटी होती है, न तेरा-मेरा क्योंकि वहाँ हर समय आपस में प्यार, आदर-सत्कार, बरकत और गुरु की रहमत बनी रहती है, और राग-द्वेष, दुःख व कलह-क्लेश प्रवेश ही नहीं कर पाते। इसलिए सुखी और आनन्दमय जीवन का एक ही फार्मूला है कि गुरु की मत को अपनाया जाए। सत्गुरु क्षण भर में ब्रह्मज्ञान देकर सबसे प्यार करते हुए जीवन जीने का तरीका सिखा देते हैं, और सत्गुरु की कृपा से ही भक्त शिकवे से शुक्र तक की यात्रा कर पाता है। आज सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज वही मत दे रही हैं जो हर युग में गुरुओं ने दी और जिसे धारण करके लोगों ने अपना जीवन सुखी किया,


सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के पावन आशीर्वाद से हुए इस समागम में उन्होंने कहा कि सत्गुरु के दरबार में केवल मौखिक शुभकामनाएँ नहीं दी जातीं, बल्कि यह भी समझाया जाता है कि सुख मिलेगा कैसे। इस अवसर पर भुल्लर परिवार के सम्बन्धी, मित्र, पड़ोसी तथा अनेक ब्रह्मज्ञानी परिवार हजारों की संख्या में बधाई और शुभकामनाएँ देने पहुँचे हुए थे ।


दीवाली के वातावरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने रावण और शबरी का उदाहरण दिया। रावण की लंका सोने की थी, उसके लाखों पुत्र और पौत्र थे, वह चारों वेदों का ज्ञाता था और अपार बलशाली था। फिर भी बुजुर्गों की कहावत है कि उसके घर दिया जलाने वाला कोई न बचा। उसके पास सब कुछ था, केवल गुरमत नहीं थी, इसलिए वह इतना कुछ होते हुए भी दुखी रहा और नष्ट हुआ। दूसरी ओर शबरी के पास रहने को केवल एक कुटिया थी, पाँवों में काँटे चुभते थे और तालाब से पानी तक नहीं भरने दिया जाता था, पर उसके पास गुरमत थी। भगवान श्री राम ने उसे नवधा भक्ति का दान दिया, जिसकी पहली भक्ति सन्तों का संग है, और शबरी ने उसे अपना लिया। उन्होंने कहा कि विवेकी वही है जो इतिहास से सीखता है कि गुरमत को अपनाता है अन्यथा न अपनाने वालों का क्या हाल होता है वह इतिहास हमारे सामने है । उन्होंने कहा कि यह केवल इतिहास की बात नहीं है।


गुरू की महिमा की चर्चा करते हुए श्री सुखेजा जी ने कहा कि आज यहाँ बैठे श्रद्धालु भी इस बात की गवाही दे रहे हैं कि गुरमत मिलने से उनका जीवन सुखी हुआ है। गुरु को सबसे बड़ा दाता इसलिए माना गया है क्योंकि वह अपनी मत दे देता है। कबीर जी ने भी कहा है कि पारस लोहे को सोना बनाता है, पर गुरु शिष्य को अपने समान बना देता है। उन्होंने बरकत का अर्थ समझाया कि जो भी मिले उसमें मन सन्तोषी हो जाए और असीमित प्राप्तियों के पीछे न भागे। मनुष्य मेहनत करे, आगे बढ़ने का प्रयास करे और संसार के सुख-आराम का लाभ भी ले, पर जीवन की ड्राइविंग सीट पर गुरु की मत हो और हर बात को सोचने का रैफरेंस पॉइंट गुरमत ही रहे। माया हाथ में रहे, पर मन में न समाए, अन्यथा डूबना निश्चित है।


सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राजपिता जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सत्गुरु बार-बार समझा रहे हैं कि केवल प्यार करना ही नहीं, प्यार बन जाना है। प्यार करने में यह विकल्प बचा रहता है कि कभी प्यार न भी करें, पर प्यार बन जाने पर प्यार के अलावा कोई विकल्प नहीं रहता और कोई क्षण प्यार के बिना नहीं बीतता। उन्होंने एक सज्जन का प्रसंग सुनाया, जिन्होंने कहा था कि निरंकारी मिशन में एक-दूसरे के चरण छूते देखकर उन्हें अहं ब्रह्मास्मि का भाव समझ में आया। उन्होंने कहा कि जब हम हर व्यक्ति में निरंकार के दर्शन करके उसके चरण छूते हैं और हर पल प्रभु से क्षमा माँगते हैं, तब किसी के प्रति नफरत या दुर्भाव पैदा ही नहीं हो सकता।


अन्त में चंडीगढ़ जोन के जोनल इंचार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी जी ने समस्त साधसंगत की ओर से सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के चरणों में भुल्लर परिवार के लिए अरदास की कि सेवा, सत्संग और सिमरन करते हुए पूरे परिवार की भक्ति निरन्तर बढ़ती रहे और सबका जीवन सुखमय व आनन्दमय बीते।