बिलासपुर की सभी ग्राम पंचायतों में 16 से 18 नवंबर तक होंगी विशेष ग्राम सभाएं
मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के लाभार्थियों का होगा चयन एवं अनुमोदन

बिलासपुर, 14 नवंबर: मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया को लेकर जिला बिलासपुर की सभी ग्राम पंचायतों में आगामी 16 से 18 नवंबर तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन विशेष ग्राम सभाओं में योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों की सूची का अनुमोदन किया जाएगा।
उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए जिले के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विशेष ग्राम सभाओं की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग, हिमाचल प्रदेश, शिमला द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है। ग्राम सभाओं में योजना के लिए निर्धारित पात्रता के आधार पर लाभार्थियों के चयन पर विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से निर्धारित तिथियों के अनुसार विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने पात्र ग्रामीण परिवारों से भी इन बैठकों में भाग लेने की अपील की है, ताकि लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया पारदर्शी एवं सहभागिता पूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के अंतर्गत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त पात्र लाभार्थी परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना के तहत कुल 3.50 लाख पात्र महिलाओं की पहचान की गई है। प्रदेश सरकार ने 59 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता को 1,050 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह किया है।