चंडीगढ़, 16 नवंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि दुकानदारों को राशन का भुगतान न करने पर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 15 लाख बच्चों के मिड-डे मील पर संकट खड़ा होना बीजेपी सरकार की गरीब बच्चों के प्रति बदनीयती दर्शाता है। मिड-डे मील योजना के तहत राशन और भोजन तैयार करने के लिए दुकानदारों को करीब 85 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया है। हालात इतने बदतर हैं कि स्कूलों में बच्चों का खाना उधार के राशन से तैयार किया जा रहा है और कई जगह शिक्षक अपनी जेब से खर्च उठाने को मजबूर हैं।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले पौष्टिक भोजन तक की व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं कर पा रही। जब बीजेपी सरकार दुकानदारों को समय पर भुगतान नहीं कर रही तो दूध, दही, सब्जी, फल और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री की आपूर्ति कैसे सुनिश्चित होगी? कई जगह शिक्षकों को गैस सिलेंडर की व्यवस्था तक स्वयं करनी पड़ रही है। यह शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का बेहद शर्मनाक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मिड-डे मील केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को पोषण देने तथा स्कूलों में उनकी उपस्थिति बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस योजना के बजट में केंद्र और राज्य सरकार दोनों का हिस्सा होने के बावजूद भुगतान अटकना सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अभय सिंह चौटाला ने मांग की कि सरकार तुरंत सभी बकाया 85 करोड़ रुपये का भुगतान करे, राशन और खाद्य सामग्री की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करे तथा अपनी जेब से खर्च करने वाले शिक्षकों और दुकानदारों को राहत दे। बच्चों के भोजन के मामले में सरकार की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।