CHAMBA-16.11.26-जिला मुख्यालय चंबा में जिला स्तरीय राष्ट्रीय प्रेस दिवस का आयोजन किया गया। उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला चंबा के वरिष्ठ संवाददाताओं के अलावा सभी प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक्स मीडिया के संवाददाताओं तथा सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में पत्रकारिता सनसनी या जिम्मेदारी के विषय में बोलते हुए अमित मेहरा ने कहा कि समाचारों को प्रसारित करने से पूर्व उनकी पुष्टि करना व समाचारों से संबंधित दूसरे पक्ष को समाचारों में स्थान देना एक जिम्मेदार पत्रकारिता के लिए परम आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह ठीक है कि मीडिया के आधुनिक दौर में आम व्यक्ति के लिए समाचारों का शीघ्र प्राप्त होना महत्वपूर्ण है इसे ध्यान में रखते हुए ब्रेकिंग न्यूज़ की प्रतिस्पर्धा के कारण अक्सर कुछ मीडियाकर्मी अपुष्ट समाचारों को दूसरे का पक्ष जाने बिना प्रसारित कर देते हैं जो कि प्रेस की विश्वसनीयता के लिए घातक है तथा ऐसा करने से न केवल उस मीडिया समूह की बल्कि समूचे प्रेस वर्ग व प्रेस से जुड़े लोगों की व्यक्तिगत विश्वसनीयता को भी नुकसान पहुंचता है। जिला चंबा के प्रेस के संबंध में अपने अनुभव सांझा करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला चंबा की प्रेस की कार्यप्रणाली बेहद शालीन, जिम्मेदार व विश्वसनीय है उन्होंने कहा कि जिला चंबा की प्रेस की विश्वसनीय कार्यप्रणाली का ही परिणाम है कि उनके द्वारा समाचारों के माध्यम से उठाई गई जन समस्याओं व अन्य विषयों पर जिला प्रशासन तुरंत संज्ञान लेता है। उन्होंने जिला की प्रेस को जिला में आपदा सहित कई विभिन्न मौकों पर सरकार व प्रशासन को जनहित के दृष्टिगत सकारात्मक सहयोग प्रदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त ने कार्यक्रम में शामिल जिला के विभिन्न क्षेत्रों के आए सभी मीडिया कर्मियों व प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।
इससे पूर्व जिला लोक संपर्क अधिकारी बलबीर सिंह ने सर्वप्रथम राष्ट्रीय प्रेस दिवस आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए परिचर्चा के विषय के संबंध में अपने विचार रखे तथा राष्ट्रीय प्रेस दिवस आयोजन के मुख्य अतिथि का विधिवत स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में वेटरनन जर्नलिस्ट बी के पराशर, चंबा एक्सप्रेस दैनिक हिंदी समाचार पत्र के संपादक योगेश महेंद्रु, चंबा प्रेस क्लब के प्रधान विनोद कुमार के अतिरिक्त संवाददाता हेम सिंह ठाकुर, सोमी प्रकाश बभेटा, सुरेश ठाकुर, सुभाष अग्निहोत्री ऋषभ महेंद्रु, एम एम डेनियल तथा राहुल सहित कई अन्य मीडिया कर्मियों ने भी पत्रकारिता सनसनी या जिम्मेदारी के संबंध में अपने विचार व्यक्त करते हुए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
कार्यक्रम में वेटरन जर्नलिस्ट बीके पाराशर, चंबा एक्सप्रेस दैनिक हिंदी समाचार पत्र के संपादक योगेश महेंद्रु, चंबा प्रेस क्लब के प्रधान विनोद कुमार व महासचिव सुरेश ठाकुर, डीडी न्यूज़ के संवाददाता विकास ठाकुर, न्यूज़ 18 के संवाददाता हेम सिंह ठाकुर, दिव्य हिमाचल के जिला संवाददाता दीपक शर्मा तथा हिमाचल दस्तक के जिला संवाददाता सोमी प्रकाश भवेटा सहित जिला चंबा के विभिन्न क्षेत्रों से आए विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि गण उपस्थित थे।