चण्डीगढ़, 21.11.26- : नए साल के जश्न को इस बार एक नया आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप देने की तैयारी है। चंडीगढ़ में पहली बार नववर्ष की पूर्व संध्या पर भव्य ‘भजन क्लबिंग कॉन्सर्ट’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा पारंपरिक पार्टियों के बजाय भक्ति संगीत, भारतीय संस्कृति और सकारात्मक ऊर्जा के साथ वर्ष 2027 का स्वागत करेंगे।

इसी सिलसिले में कार्यक्रम की पहल करने वाले संजीव राणा ने रचित जैन के साथ पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का पहला पोस्टर भेंट किया।

मुलाकात के दौरान राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने संजीव राणा द्वारा परिकल्पित इस अनूठी पहल की सराहना की। उन्होंने युवाओं को आध्यात्मिकता, भक्ति और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

राज्यपाल ने विशेष रूप से इस बात की सराहना की कि नए साल का स्वागत नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों के बजाय भक्ति संगीत, भारतीय संस्कृति और सकारात्मक ऊर्जा के साथ करने का संदेश युवाओं तक पहुंचाया जा रहा है।

इस अवसर पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने तथा कार्यक्रम के समापन तक उपस्थित रहने का आश्वासन भी दिया।

उल्लेखनीय है कि यह आयोजन ‘जेन जी अगेंस्ट ड्रग्स 3.0’ अभियान के अंतर्गत किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने, जीवन में सकारात्मक विकल्प अपनाने तथा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रेरित करना है।

आगामी 31 दिसंबर 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक गजेन्द्र प्रताप सिंह अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। ‘भजन क्लबिंग – ए स्पिरिचुअल म्यूजिकल कॉन्सर्ट’ के माध्यम से भक्ति, संगीत, संस्कृति और युवाओं के उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

इस आयोजन के माध्यम से युवाओं और परिवारों को एक ऐसा मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है, जहां वे भक्ति संगीत और सकारात्मक वातावरण के बीच नववर्ष 2027 का स्वागत कर सकें।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश है—इस बार 31 दिसंबर, नशा नहीं, राष्ट्रभक्ति और भक्ति का जश्न!