चण्डीगढ़, 22.11.26- : स्पेशल ओलंपिक्स भारत (एसओबी), चंडीगढ़ द्वारा लॉयंस क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल के सहयोग से आयोजित पुरुषों की राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन सेक्टर-10 स्थित स्केटिंग रिंक में किया गया। 24 नवंबर तक आयोजित की जा रही इस चैंपियनशिप में देश के 21 राज्यों से विशेष आवश्यकता वाले खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभा, समावेशिता और राष्ट्रीय एकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्पेशल ओलंपिक्स की एरिया डायरेक्टर श्रीमती शीतल नेगी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा फ्लोरबॉल खेल और इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप के आयोजन के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उद्घाटन समारोह में श्रीमती प्रेरणा पुरी, सचिव खेल, चंडीगढ़ प्रशासन तथा सौरभ अरोड़ा, खेल निदेशक, चंडीगढ़ ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
श्रीमती प्रेरणा पुरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरे आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
श्रीमती दिलप्रीत कौर सेखों, अध्यक्ष, स्पेशल ओलंपिक्स भारत, चंडीगढ़ ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया तथा इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों, विशेष रूप से चंडीगढ़ खेल विभाग, वेरका लिमिटेड और लॉयंस क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल के प्रति आभार व्यक्त किया।
लायन संजीव गुप्ता, प्रोजेक्ट चेयरमैन, लॉयंस क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल ने इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में स्पेशल ओलंपिक्स भारत के साथ साझेदारी करने पर प्रसन्नता व्यक्त की
यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप 24 नवंबर को संपन्न होगी।