खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026 के तहत 30 नवंबर तक करवाएं ऑनलाइन पंजीकरण
10 विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं का होगा आयोजन
उपमंडल, जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित होंगी प्रतियोगिताएं
51 हजार से 31 लाख तक की राशि के मिलेंगे पुरस्कार
चंबा, नवंबर 27-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल गतिविधियों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026 के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेल प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
मुकेश रेपस्वाल ने जिले के युवाओं, खेल क्लबों, युवा मंडलों तथा शिक्षण संस्थानों से अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि खेल गतिविधियां युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने में प्रभावी भूमिका निभाती हैं। ऐसे अभियान युवाओं में अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा खेल भावना विकसित करने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी, फुटबॉल, बास्केटबॉल तथा हॉकी सहित कुल 10 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इन खेलों में जिला चंबा से संबंधित सभी खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑनलाइन लिंक खेलो हिमाचल डॉट एचपी डॉट जीओवी डॉट इन (KheloHimachal.hp.gov.in) के माध्यम से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का पंजीकरण उनके आधार कार्ड से संबंधित उपमंडल के माध्यम से होना आवश्यक है तथा खिलाड़ी किसी अन्य उपमंडल से खेल स्पर्धाओं में भाग नहीं ले पाएंगे। खिलाड़ी की आयु 15 वर्ष पूर्ण तथा 30 वर्ष से कम होना आवश्यक है। पंजीकरण महिला तथा पुरुष दोनों वर्गों में किया जा रहा है। उपमंडल स्तरीय खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन दिसंबर माह में प्रस्तावित है।
रूपेश कुमार ने बताया कि उपमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी दलों को क्रमशः 51 हजार रुपये, 41 हजार रुपये तथा 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को क्रमशः 2 लाख रुपये, 1 लाख 50 हजार रुपये तथा 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रस्तावित है।
राज्य स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले दलों को क्रमशः 31 लाख रुपये, 15 लाख रुपये तथा 10 लाख रुपये की इनामी राशि प्रदान करने का प्रावधान रखा गया है।
इसके अतिरिक्त कुश्ती तथा रस्साकशी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेताओं के लिए क्रमशः 11 लाख रुपये, 5 लाख रुपये तथा 3 लाख रुपये की इनामी राशि का प्रावधान किया गया है।