अंब (ऊना), 26 नवंबर. 4 से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाले माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए गुरुवार को डिग्री कॉलेज अंब में ऑडिशन शुरू हुए। पहले दिन क्षेत्र के 27 स्थानीय कलाकारों ने गायन, नृत्य सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मेला समिति के संयोजक एवं एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑडिशन आयोजित किए जा रहे हैं। ऑडिशन 27 नवंबर को भी जारी रहेंगे। इच्छुक कलाकार मौके पर भी आवेदन कर सकते हैं। नामी कलाकारों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी गई है।
उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर को शोभायात्रा के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। तीन दिवसीय मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों का आयोजन भी किया जाएगा। तीनों दिन की सांस्कृतिक संध्याएं मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगी, जिनमें हिमाचली लोक कलाकारों के साथ पंजाबी गायक भी प्रस्तुतियां देंगे।
श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव क्षेत्र की धार्मिक आस्था, समृद्ध लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा है। यह महोत्सव इस वर्ष अपने तीसरे संस्करण में प्रवेश कर रहा है और कम समय में ही लोगों के बीच अपनी विशेष पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों ने इस आयोजन को खूब सराहा है और आने वाले वर्षों में इसे और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का विशेष जोर धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर है। माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव इसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है। इसके माध्यम से हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच मिलने के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेने का आह्वान किया।