संविधान दिवस पर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ

संविधान के मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य: मुकेश रेपस्वाल
चम्बा, 26 नवंबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने संविधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया तथा संविधान के मूल सिद्धांतों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जबकि यह 26 जनवरी 1950 को पूर्ण रूप से लागू हुआ। उपायुक्त ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को अभिव्यक्त करती है। इसमें प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है। इसके साथ ही व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक ऐतिहासिक दिवस मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दिन हमें अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।