घुमारवीं (बिलासपुर) 27 नवम्बर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि व्यक्ति के सर्वांगीण विकास, समाज को सशक्त बनाने तथा राष्ट्र को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने के लिए ज्ञान की विभिन्न विधाओं का एकीकरण अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान समय की चुनौतियों का समाधान किसी एक विषय या ज्ञान की शाखा तक सीमित रहकर संभव नहीं है, बल्कि विज्ञान, कला, वाणिज्य, प्रौद्योगिकी और व्यावसायिक शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों के ज्ञान का समन्वय जरूरी है। राजेश धर्माणी आज स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में ‘फ्रंटियर्स ऑफ लर्निंग: इंटीग्रेटिंग ऑल स्ट्रीम्स ऑफ नॉलेज’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बुक आफ एक्सट्रेक्ट का भी विमोचन किया।
उन्होंने आयोजन समिति को सम्मेलन आयोजित करने की बधाई देते हुए कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं तथा प्रतिनिधियों की सहभागिता से इस शैक्षणिक आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया है और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करवाया है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि शिक्षा को विभिन्न संकायों तक ही सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। आधुनिक समय की चुनौतियों के समाधान के लिए विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों का समग्र ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, नैतिक मूल्य और अनुभव प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक के लिए चिकित्सा विज्ञान के ज्ञान के साथ संवेदनशीलता, संवाद कौशल और नैतिकता भी जरूरी है। इसी प्रकार इंजीनियरों को सामाजिक आवश्यकताओं और पर्यावरण संरक्षण की समझ होनी चाहिए, जबकि उद्यमियों में वित्तीय ज्ञान के साथ रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और मानवीय व्यवहार की समझ भी होनी चाहिए।
उन्होंने महान दार्शनिक स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सूचनाओं का संग्रह नहीं, बल्कि व्यक्ति में निहित क्षमताओं और पूर्णता को अभिव्यक्त करना है। शिक्षा के माध्यम से ऐसे व्यक्तित्वों का निर्माण होना चाहिए, जिनमें ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास, चरित्र, विवेक और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना हो। शिक्षा व्यवस्था का लक्ष्य केवल डिग्रीधारक और रोजगार तलाशने वाले युवा तैयार करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिकों का निर्माण करना होना चाहिए।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेजों, फार्मेसी संस्थानों और विश्वविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता है। इन संस्थानों को अलग-अलग इकाइयों के रूप में कार्य करने के बजाय एक-दूसरे के साथ विशेषज्ञता, आधारभूत सुविधाओं, संकाय संसाधनों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों को साझा करना चाहिए। आईटीआई के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने, पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों को अनुसंधान एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को व्यावहारिक और उद्योग आधारित कौशल हासिल करने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्रदान करने की पहल करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 आईटीआई विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट पर ले जाया गया। इसके बाद इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को जापान भेजा गया और अब पॉलीटेक्निक तथा फार्मेसी के विद्यार्थियों के लिए भी ऐसे अंतरराष्ट्रीय भ्रमण आयोजित करने की योजना है। इस प्रकार के अनुभवों से विद्यार्थियों को विभिन्न देशों की संस्कृति और कार्यप्रणाली समझने के साथ-साथ आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलती है।
उन्होंने शिक्षा और रोजगार, सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव तथा ज्ञान और उसके अनुप्रयोग के बीच की खाई को पाटने पर बल देते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में केवल पुस्तकीय ज्ञान और रटने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के बजाय विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सिद्धांतों के वास्तविक जीवन में उपयोग की जानकारी दी जानी चाहिए। शिक्षकों को कक्षा शिक्षण के साथ व्यावहारिक प्रदर्शन, क्षेत्र भ्रमण और सामुदायिक परियोजनाओं को भी शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाना चाहिए।
श्री धर्माणी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, जैव प्रौद्योगिकी, क्वांटम कंप्यूटिंग और डिजिटल तकनीकों में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे कार्यबल की आवश्यकता होगी, जो तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ-साथ रचनात्मक, अनुकूलनशील और निरंतर सीखने की क्षमता रखता हो। इसके लिए अनुसंधान, नवाचार, उद्योगों के साथ साझेदारी, उद्यमिता, इन्क्यूबेशन और संकाय विकास पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ी राज्य होने के नाते यहां सिविल इंजीनियरिंग, जल विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, कृषि प्रौद्योगिकी और ग्रामीण उद्यमिता के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ों की प्रतिभाओं की उड़ान अवसरों, मार्गदर्शन और संसाधनों के अभाव में सीमित नहीं होनी चाहिए। स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना केवल सरकार का ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों और समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल पाठ्यक्रम पूरा करवाने तक सीमित न रहें, बल्कि ज्ञान, नवाचार और सामाजिक परिवर्तन के केंद्र बनें।
उन्होंने समग्र शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि खेलकूद, कला, संगीत, साहित्य, संस्कृति, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और सामुदायिक सेवा भी शिक्षा के अभिन्न अंग हैं। किसी शिक्षण संस्थान की सफलता का आकलन प्रदान की गई डिग्रियों की संख्या से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और उनके नागरिक मूल्यों से भी किया जाना चाहिए। उन्होेंने नैतिक मूल्यों, पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता, बुजुर्गों के सम्मान, पारिवारिक दायित्वों, व्यावसायिक ईमानदारी और सामाजिक प्रतिबद्धता के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक आदर्श पेशेवर में ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामूहिक रूप से कार्य करने की क्षमता होनी चाहिए। व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक और व्यावसायिक उन्नति के साथ शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना आवश्यक है।
इससे पहले कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रीतम लाल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस सेमिनार में डॉ. सौमित्र, साइंटिस्ट भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर, डॉ. अनुज के. शर्मा, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हैदराबाद, डॉ. महिपाल मीणा, साइंटिस्ट डीआरडीओ, दिल्ली, डॉ. जितेंद्र, डिपार्टमेंट ऑफ केमिस्ट्री, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल यूनिवर्सिटी, श्रीनगर, गढ़वाल, डॉ. के. के. गिरी, नारायण ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट विशेषतौर पर भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन माध्यम से अमेरिका, ब्रिटेन सहित अन्य देशों से भी प्रतिनिधि इस सेमिनार में शामिल हो रहे हैं।
इस अवसर पर सेमिनार ऑर्गेनाइजर डाॅ. अतुल गुप्ता, पीटीए प्रधान शशि भूषण सहित कॉलेज के प्राध्यापक, विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।