मंडी 29 नवंबर, 2026*-आत्मनिर्भर हिमाचल के संकल्प को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की कृषि हितैषी नीतियां सकारात्मक परिणाम देने लगी हैं। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने और उसमें निरंतर बढ़ोतरी से किसानों की आय में इजाफा हो रहा है। साथ ही प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रसायनमुक्त खाद्यान्न उपलब्ध हो रहा है।
प्रदेश सरकार ने इस वर्ष प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की का न्यूनतम समर्थन मूल्य 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो कर दिया है। वहीं, गेहूं के समर्थन मूल्य में भी 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। सरकार के इस फैसले से प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों में खासा उत्साह है।
वर्तमान में जिले के 39,457 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं, जिनमें से 28,640 किसान पिछले तीन वर्षों के दौरान इस पद्धति से जुड़े हैं। जिले के सभी 14 विकास खंडों में किसान प्राकृतिक खेती अपना रहे हैं। किसानों को प्रदेश तथा प्रदेश से बाहर एक्सपोजर विजिट भी करवाई जा रही हैं। इससे हर वर्ष प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों के साथ-साथ इस विधि से तैयार उत्पादों की मात्रा में भी बढ़ोतरी हो रही है।
*प्राकृतिक खेती से बढ़ी आय, बेहतर गुणवत्ता के मिल रहे अच्छे दाम*
द्रंग विकास खंड की ग्राम पंचायत कुन्नू के गांव कुन्नू निवासी कृष्ण कुमार पिछले पांच वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह गत वर्ष कृषि विभाग को दो क्विंटल गेहूं 60 रुपये प्रति किलो की दर से बेच चुके हैं। इस वर्ष उन्होंने प्राकृतिक खेती से सात क्विंटल मक्की का उत्पादन किया, जिसमें से 4.5 क्विंटल मक्की कृषि विभाग को 50 रुपये प्रति किलो की दर से बेची। इससे उन्हें कुल 22,500 रुपये की आय हुई।
कृष्ण कुमार का कहना है कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों की गुणवत्ता बेहतर होने के साथ-साथ बाजार में भी अच्छे दाम मिल रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में सराहनीय कदम उठा रही है।
पधर संग्रह केंद्र में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की बेचने पहुंचीं गांव मोड़धार की विमला ने भी सरकार की पहल की सराहना की। उन्होंने विभाग को एक क्विंटल मक्की बेची। विमला पिछले पांच वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रही हैं और गत वर्ष भी उन्होंने एक क्विंटल गेहूं बेचा था। मक्की के समर्थन मूल्य में 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी के साथ-साथ सरकार द्वारा प्रति क्विंटल 200 रुपये ढुलाई भाड़ा भी दिया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ा है।
सुंदरनगर क्षेत्र के घांघन गांव के प्रगतिशील किसान प्रताप सिंह, बल्ह तहसील के पाली गांव के होशियार सिंह तथा पधर के गांव तैला निवासी कुशल कुमार ने भी प्राकृतिक खेती उत्पादों के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी पर प्रदेश सरकार और विशेष रूप से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘सुक्खू सरकार’ की किसान हितैषी नीतियों से प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
*इस वर्ष अब तक 485.52 क्विंटल मक्की की खरीद*
कृषि विभाग के परियोजना उप निदेशक हितेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जिला मंडी में वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक 257 किसानों से प्राकृतिक खेती से उत्पादित 485.52 क्विंटल मक्की की खरीद की जा चुकी है। करसोग, चुराग, निहरी, सराज और बालीचौकी विकास खंडों में दिसंबर माह के दौरान मक्की की खरीद की जाएगी।
वित्त वर्ष 2024-25 में सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य के आधार पर 328 किसानों से 651.33 क्विंटल मक्की, 15 किसानों से 2.982 मीट्रिक टन कच्ची हल्दी तथा 152 किसानों से 290.67 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। इसी तरह वित्त वर्ष 2025-26 में 192 किसानों से 389.48 क्विंटल प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की तथा 236 किसानों से 230 क्विंटल कच्ची हल्दी की खरीद की गई।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों पर समर्थन मूल्य के तहत किसानों को अब तक लगभग एक करोड़ एक लाख 52 हजार 540 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से भेजी जा चुकी है।
प्रदेश सरकार की इन पहल से प्राकृतिक खेती को नई पहचान मिली है, वहीं किसानों को मेहनत का उचित मूल्य भी सुनिश्चित हो रहा है। न्यूनतम समर्थन मूल्य, आर्थिक प्रोत्साहन, प्रशिक्षण और विभागीय मार्गदर्शन से प्राकृतिक खेती आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।