चंडीगढ़-*दिनांक: 29-11-2026*आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ को आज उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब भाजपा की एससी इकाई के कथित एग्जीक्यूटिव सदस्य और शहर की डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन यूनिट के पूर्व प्रधान शमशेर लोहटिया अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। उन्हें दिल्ली के पूर्व विधायक एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अखिलेश त्रिपाठी ने पार्टी में शामिल करवाया।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के प्रधान विजय पाल सिंह, उपाध्यक्ष दीपा दुबे, पार्टी के पूर्व मेयर कुलदीप कुमार टीटा, दिल्ली के पूर्व पार्षद एवं राष्ट्रीय भारतीय मजदूर संघ के संरक्षक संजय राठी , तथा वार्ड नंबर 28 से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुरदेव यादव सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस मौके पर अखिलेश त्रिपाठी ने शमशेर लोहटिया और उनके साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहितकारी नीतियों और ईमानदार राजनीति से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। शमशेर लोहटिया के अनुभव और उनके साथियों के जुड़ने से चंडीगढ़ में पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

आम आदमी पार्टी की उपाध्यक्ष दीपा दुबे और पूर्व मेयर कुलदीप कुमार टीटा ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा की नीतियों से परेशान होकर विभिन्न समाजों के लोग अब बदलाव की उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी हमेशा समाज के हर वर्ग को बराबरी का अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध रही है। शमशेर लोहटिया और उनके साथियों का पार्टी में स्वागत है।

शमशेर लोहटिया ने कहा कि भाजपा ने वाल्मीकि समाज और अन्य समाजों के अधिकारों को दबाने का काम किया है। इन समाजों की आवाज को अनदेखा किया गया और उन्हें उचित सम्मान व अधिकार नहीं मिले। भाजपा की नीतियों और कार्यशैली से निराश होकर तथा आम आदमी पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर मैंने आज पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया है। मुझे उम्मीद है कि आम आदमी पार्टी में वाल्मीकि समाज सहित सभी वर्गों को बराबरी का अधिकार और सम्मान मिलेगा। मैं पार्टी के साथ मिलकर जनता और समाज की आवाज उठाने का काम करूंगा।

वहीं, चंडीगढ़ के प्रधान विजय पाल सिंह ने कहा कि भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आम आदमी पार्टी में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि जनता अब बदलाव चाहती है। भाजपा ने वर्षों तक चंडीगढ़ की जनता को केवल वादों में उलझाए रखा, जबकि आम आदमी पार्टी जनता के असली मुद्दों और समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।

विजय पाल सिंह ने शमशेर लोहटिया और उनके सभी साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। आगामी नगर निगम चुनाव में पार्टी सभी साथियों के सहयोग से मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और चंडीगढ़ में बदलाव की नई राजनीति स्थापित करेगी।