महिलाओं का सम्मान और उनके अधिकार सुनिश्चित करना संपूर्ण समाज का दायित्व : अभिषेक कुमार गर्ग

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर एनजीओ भवन में आयोजित किया गया जिला स्तरीय कार्यक्रम

हमीरपुर 10 मार्च। एडीसी हमीरपुर अभिषेक कुमार गर्ग ने कहा है कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी भागीदारी के बगैर हम किसी भी समाज और देश के विकास की कल्पना नहीं कर सकते हैं। अगर किसी समाज में महिलाएं किन्हीं कारणों से पीछे रह जाती हैं तो वह समाज पिछड़ जाता है। मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर यहां एनजीओ भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। वो चाहे मनरेगा में कार्य करने एवं आसमान में जहाज उड़ाने या मॉडलिंग तथा अभिनय की।
अभिषेक गर्ग ने कहा कि आधुनिक दौर में भी महिलाएं कहीं न कहीं असमानता, भेदभाव और अत्याचार का शिकार हो रही हैं। यही कारण है कि हमें आज भी महिला दिवस मनाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हमारी आबादी का आधा हिस्सा हैं और अगर हम अपने आम जनजीवन में महिलाओं के योगदान को देखें तो हर दिन महिला दिवस ही लगता है। इसलिए हमें खुद में यह सोच विकसित करनी होगी कि महिलाओं के बगैर हमारा समाज अधूरा है और वे उच्च सम्मान की अधिकारी हैं। उन्होंने कहा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। महिलाओं का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है और समाज में उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं समान अवसरों को सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने तृतीय श्रेणी की सरकारी नौकरियों में भी महिलाओं को 25 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वंशिका परमार मिस इंडिया अर्थ 2022 की विनर तथा हिमाचल प्रदेश इको टूरिज्म की ब्रांड एंबेसडर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान में पूरे विश्व में 8 मार्च को मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं को चला रही है तथा उन योजनाओं का सभी महिलाओं को लाभ लेना चाहिए।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कर्मचारियों, और अन्य महिलाओं ने जागरुकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अलावा महिलाओं के लिए लेमन स्पून रेस, बैलून गेम ,म्यूजिकल चेयर, और मटका फोड़ प्रतियोगिता भी करवाई गई। एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी हमीरपुर सुनीता कुमारी , जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी टोणीदेवी कुलदीप सिंह चौहान, रिटायर्ड जिला कार्यक्रम अधिकारी कल्याण सिंह, रिटायर्ड बाल विकास परियोजना अधिकारी बलवीर सिंह बिड़ला सहित जिला की विभिन्न आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

===============================

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 12 को

हमीरपुर 10 मार्च। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 12 मार्च को सुबह साढे दस बजे उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 52 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें 17,500 रुपये से लेकर 23,500 रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

===================================

नादौन में मिनी रोजगार मेला 17 को

हमीरपुर 10 मार्च। उप रोजगार कार्यालय नादौन में 17 मार्च को मिनी रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें तीन कंपनियां विभिन्न श्रेणियों के पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि नई दिल्ली की प्रसिद्ध सिक्योरिटी कंपनी जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड सिक्योरिटी गार्ड के 50 पदों और सुपरवाइजर के 6 पदों
को भरने के लिए साक्षात्कार लेगी।
इन पदों के लिए 18 से 35 वर्ष तक के दसवीं पास उम्मीदवार पात्र होंगे। उनकी लंबाई कम से कम 170 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड हमीरपुर में बीडीएम और सीनियर बीडीएम के दो पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। अभ्यर्थी स्नातक एवं एमबीए (मार्केटिंग) होना चाहिए और उसकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 20,000 रुपए से 30,000 तक मासिक वेतन दिया जायेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक प्राइवेट लिमिटेड भोरंज में फील्ड आफिसर के 24 पदों को भरा जाएगा जिनके लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास, स्नातक, बीबीए या बीवॉक रखी गई है। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष रखी गई है। चयनित आवेदकों को 13,500 रुपए मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक आवेदक जिसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो वह भी हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र और मूल प्रमाण पत्रों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकता है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय दूरभाष नंबर 01972-222318 पर सम्पर्क कर सकते है।

==========================================

ज़िला स्तरीय मासिक मूल्यांकन बैठक का आयोजन

आज दिनाक 10/ 03/2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ प्रवीण
चौधरी की अध्यक्षता में सी ऍम ओ ऑफिस के कांफ्रेंस हॉल में ज़िला स्तरीय
मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया जिसमे जिला स्वास्थ्य अधिकारी
डा. अजय अत्री, जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. सुनील वर्मा, जिला
कार्यक्रम अधिकारी डा. पारस और सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य
शिक्षक, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक , लेखाकार, ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर उपस्थित
रहे l

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण
चौधरी द्वारा स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं की विस्तार
से समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस)
टीकाकरण अभियान, जो 29 मार्च से 33 कोल्ड-चेन पॉइंट (शीत श्रृंखला
केंद्रों) पर शुरू किया जाएगा, इसके लिए सभी खंड चिकित्सा अधिकारी
अपने-अपने खंड स्तर पर पूरी तैयारियां सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी बताया कि एचबीएनसी (होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर) के तहत आशा
कार्यकर्ता नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए घर पर सात बार दौरा करती हैं
और आवश्यक सेवाएं प्रदान करती हैं। यह दौरे बच्चे के जन्म के तुरंत बाद,
दो या तीन दिनों के भीतर शुरू कर दिए जाने चाहिए। साथ ही खंड स्तर पर आशा
कार्यकर्ताओं के दौरों का पूरा ब्योरा भी रखा जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि खंड स्तर पर जितनी भी गर्भवती
महिलाएं पंजीकृत होती हैं, उनका पंजीकरण पहले और समय पर होना चाहिए और
प्रसव पूर्व अवधि के दौरान ही गर्भवती महिलाओं को परिवार नियोजन के
तरीकों को अपनाने के लिए परामर्श दिया जाना चाहिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा कहा गया कि उपलब्ध
स्वास्थ्य सम्बन्धी आंकड़ों का गहन विशलेषण करें तथा आवश्यक सुधारात्मक
कदम तत्काल उठाएं तथा विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत आबंटित धनराशी का
समय पर खर्च करना भी सुनिश्चित करें l

=====================================

राशन ढुलाई के लिए ऑनलाइन निविदाएं 30 मार्च तक

हमीरपुर 10 मार्च। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने जिला हमीरपुर में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के विभिन्न थोक बिक्री केंद्रों एवं गोदामों से उचित मूल्य की दुकानों तक राशन की ढुलाई और थोक गोदामों में मजदूरी के कार्य हेतु 30 मार्च सुबह 10 बजे तक अलग-अलग ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक शिव राम ने बताया कि ये सभी निविदाएं वेब पोर्टल एचपीटेंडर.जीओवी.इन hptender.gov.in पर अपलोड होनी चाहिए। सभी निविदाएं 30 मार्च को ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोल दी जाएंगी।
निविदाओं के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

============================================

आरसेटी ने 28 महिलाओं को सिखाया आचार, पापड़ और मसाला बनाना

हमीरपुर10 मार्च। मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 20 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 28 महिलाओं को आचार, पापड़ और मसाला पाउडर इत्यादि बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक अजय कतना ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में शिविर के मूल्यांकनकर्ता रणजीत कलोत्रा, गुरप्यारी, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, फैकल्टी मैंबर विनय चौहान और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

=========================================

हमीरपुर में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण शिविर

जिला प्रशासन, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त प्रयास से पांच उपमंडलों में आयोजित होंगे शिविर

हमीरपुर, 10 मार्च : जिले के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, हमीरपुर के साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश की साझेदारी में पांच उपमंडलों में मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, मोहाली, पंजाब की मदद से संचालित होंगे, जिनमें पात्र लाभार्थियों का परीक्षण कर व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, वैसाखी, वॉकिंग स्टिक, स्मार्ट केन, स्मार्ट मोबाइल, योकर और कानों की मशीन जैसे उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।
एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग ने बताया कि ये उपमंडल स्तरीय शिविर दिनांक 16 से 20 मार्च तक सुबह 11 बजे से आयोजित होंगे। शिविरों का आयोजन 16 मार्च को उपमंडल बड़सर के भकरेड़ी में ,17 मार्च को हमीरपुर के जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में ,18 मार्च को सुजानपुर के तहसील कल्याण कार्यालय में ,19 मार्च को उपमंडल नादौन के कलूर में तथा 20 मार्च को भोरंज के ग्राम पंचायत भवन भोरंज (बस्सी) में आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में दिव्यांगजनों जिनकी दिव्यांगता 40 फीसदी या उससे अधिक है, और वरिष्ठ नागरिक जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है, भाग लेकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। जबकि आंखों के चश्मे और दांतों के लिए परीक्षण इन शिविरों में उपलब्ध नहीं होगा।
दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड की छाया प्रति एवं जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र,आय प्रमाण पत्र ( वार्षिक आय 2,70,000 या उससे कम) या नवीनतम बी.पी.एल. प्रमाण पत्र,एक पासपोर्ट आकार का फोटो,आधार कार्ड की छाया प्रति आवश्यक दस्तावेज के रूप में जमा करवाने होंगे। उन्हें जो अभी यूडीआईडी कार्ड नहीं बनवा पाए हैं, वे स्वयं या लोक मित्र केंद्र के माध्यम से www.swavlambancard.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को आय प्रमाण पत्र (वार्षिक आय 1,80,000 या उससे कम) या नवीनतम वी.पी.एल. प्रमाण पत्र, एक पासपोर्ट आकार का फोटो,आधार कार्ड की छाया प्रति दस्तावेज के रूप में जमा करवाने होंगे।
जिला प्रशासन इस पहल के माध्यम से दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के जीवन स्तर में सुधार करने का प्रयास कर रहा है, ताकि वे बेहतर आत्मनिर्भर और समाज में सक्रिय भागीदार बन सकें।
अधिक जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है उपमंडल हमीरपुर- 9418743265,उपमंडल बड़सर- 9418667372 उपमंडल भोरंज- 9816285178,उपमंडल नादौन-7807152504 ,उपमंडल सुजानपुर-7018686968