उपायुक्त ने की नगर निगम हमीरपुर के लिए प्रस्तावित प्रोजेक्टों की समीक्षा

हमीरपुर 07 अप्रैल। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने नगर निगम हमीरपुर के लिए प्रस्तावित बड़ी विकासात्मक परियोजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण करने के लिए मंगलवार को नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मुख्यतः हमीरपुर के अंतर्राज्यीय बस अड्डे को भविष्य में नए निर्माणाधीन बस स्टैंड के परिसर में शिफ्ट करने और इस जगह पर सिटी सेंटर के निर्माण से संबंधित औपचारिताओं पर व्यापक चर्चा की गई।
उपायुक्त ने नगर निगम और एचआरटीसी के अधिकारियों तथा तहसीलदार को वर्तमान बस अड्डे की जमीन की गिफ्ट डीड की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस अड्डे से डीजल पंप को शिफ्ट करने में सबसे ज्यादा वक्त लग सकता है। एचआरटीसी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इसके लिए आवश्यक कदम उठाएं।
उपायुक्त ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग से कहा कि वे निगम में शामिल हुई ग्राम पंचायतों की संपत्तियों को निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा करें। उन्होंने निगम के अधिकारियांे को ट्राला यूनियन के लिए जमीन के एफआरए से संबंधित मामला तैयार करने के निर्देश दिए।
आवारा कुत्तों की समस्या पर चर्चा के दौरान उपायुक्त ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को कुत्तों की वैक्सीनेशन और नसबंदी के लिए निगम के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए निगम के कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा, एचआरटीसी के डीएम राजकुमार पाठक, आरएम राहुल कुमार, जिला राजस्व अधिकारी नरेश पटियाल और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

======================================

हमीरपुर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा 79वां हिमाचल दिवस

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने की जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा

हमीरपुर 07 अप्रैल। 79वां हिमाचल दिवस 15 अप्रैल को जिला हमीरपुर में भी हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां आरंभ कर दी हैं। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को हमीर भवन में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकंडरी स्कूल हमीरपुर के मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह का शुभारंभ सुबह 11 बजे ध्वजारोहण के साथ होगा।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड, पुलिस, होमगार्ड्स और अन्य विभागांे के अधिकारियों को आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, ग्राउंड की मार्किंग, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था, बिजली की आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था, प्रतिभागियों के लिए जलपान और अन्य प्रबंधों में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। मौसम के खराब रहने की स्थिति के लिए भी अतिरिक्त प्रबंध होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि समारोह में आयोजित होने वाली भव्य परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड्स के अलावा एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स तथा अन्य टुकड़ियां भी भाग लेंगी। संबंधित पुलिस अधिकारी परेड की रिहर्सल जल्द शुरू करवाएं और इसमें अधिक से अधिक टुकड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करें। समारोह में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल के लिए भी उपायुक्त ने भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए तथा कहा कि ये कार्यक्रम उच्च स्तर के होने चाहिए।
समारोह के अन्य प्रबंधों को लेकर भी उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग, एएसपी राजेश कुमार, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, एसी टू डीसी चिराग शर्मा, आरटीओ अंकुश शर्मा, होमगार्ड्स के कमांडेंट विनय कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

====================================================

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने किया जिला वार्षिक ऋण योजना का शुभारंभ
वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान जिला में 3865.98 करोड़ रुपये के ऋण आवंटन का लक्ष्य

हमीरपुर 07 अप्रैल। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को जिला वार्षिक ऋण योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत जिला में वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान विभिन्न बैंकों के माध्यम से कुल 3865.98 करोड़ रुपये के ऋण आवंटन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए 2062.89 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों को ऋण आवंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऋण योजनाओं का लाभ किसानों, समाज के पिछड़े वर्ग और जरुरतमंद लोगों तक भी पहुंचना चाहिए। इससे इन लोगों की आर्थिकी मजबूत होगी, बैंकों का कारोबार बढ़ेगा और जिला हमीरपुर के ऋण-जमा अनुपात में भी बढ़ोतरी होगी।
इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, नाबार्ड के डीडीएम नरेश कुमार, एलडीएमओ अनिल कुमार और अन्य बैंकों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

============================

जिला हमीरपुर की 242 ग्राम पंचायतों और 6 पंचायत समितियों का आरक्षण रोस्टर जारी

हमीरपुर 07 अप्रैल। जिला के सभी छह विकास खंडों की पंचायत समितियों के अध्यक्ष पद और 242 ग्राम पंचायतों के प्रधान पद का आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया गया है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार बीडीसी सुजानपुर, बिझड़ी और हमीरपुर में अध्यक्ष पद अनारक्षित रखे गए हैं। जबकि, बीडीसी बमसन में अध्यक्ष का पद महिला के लिए, बीडीसी भोरंज में अध्यक्ष पद एससी महिला के लिए और बीडीसी नादौन का अध्यक्ष पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित रखा गया है।
==========================

नर्सिंग कॉलेज हमीरपुर में विश्व स्वास्थ्य दिवस
मनाया

आज दिनांक 07-04-2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी के
निर्देशानुसार माँ जानकी नर्सिंग कॉलेज हमीरपुर में विश्व स्वास्थ्य दिवस
मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा
पटियाल द्वारा की गई।

इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने
स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ अपने भाषण के माध्यम से
प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता में भावना को प्रथम, अक्षिता को द्वितीय तथा
ज्योति को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।

इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा पटियाल ने स्वास्थ्य के महत्व
पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रशिक्षित
चिकित्सक, सही जानकारी तथा समय पर चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता अत्यंत
आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि अस्वस्थ जीवनशैली और खराब खानपान की
आदतों के कारण मधुमेह, हृदय रोग तथा उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियाँ विश्व
स्तर पर तेजी से बढ़ रही हैं।

इस अवसर पर बीसीसी कोऑर्डिनेटर श्रीमती सुलोचना ने स्वस्थ जीवनशैली
अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि हमें अपनी दैनिक दिनचर्या की शुरुआत सही
तरीके से करनी चाहिए। सुबह जल्दी उठना, स्नान के बाद योग एवं व्यायाम
करना, स्वच्छ वस्त्र पहनना तथा पौष्टिक भोजन करना आवश्यक है। साथ ही जंक
फूड और फास्ट फूड से परहेज करना चाहिए।

इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल श्रीमती किरण एवं अन्य स्टाफ सदस्य
उपस्थित रहे

============================================
हमीरपुर में आईटीआई डिप्लोमाधारकों के साक्षात्कार 10 को

हमीरपुर 07 अप्रैल। बद्दी में चल रहे प्रसिद्ध कंपनी हैवल्स इंडिया लिमिटेड के प्लांट में अप्रेंटिस के 55 पदों को भरने के लिए 10 अप्रैल को सुबह साढे दस बजे जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए वर्ष 2022 से 2025 तक के पास आउट इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल ट्रेड के आईटीआई डिप्लोमाधारक पात्र हैं। आवेदकों की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित युवाओं को 13,500 से लेकर 15,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

===================================================

4 मई तक बंद रहेगी पनयाली-कश्मीर सड़क

हमीरपुर 07 अप्रैल। नादौन उपमंडल के अंतर्गत पनयाली-कश्मीर सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 4 मई तक बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि पनयाली-कश्मीर सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 4 मई तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक पनयाली-समजल सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। जिलाधीश ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।