36 लाख की लागत से दो संपर्क सड़कों का शिलान्यास, 450 लोगों को मिलेगा लाभ : केवल सिंह पठानिया

धर्मशाला, 07 अप्रैल-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुधेड़ के वार्ड नंबर-1 में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान लगभग 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाली संपर्क सड़कों के निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।

विधायक ने मुख्य संपर्क मार्ग से धार गांव तक लगभग 33 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 455 मीटर लंबी सड़क का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त गोल डगा वारा कोठा से भुनटेगंज गांव तक करीब 3 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 450 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आवागमन की सुविधा में सुधार होगा।

इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं और इनके सुदृढ़ होने से आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को गति मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक धार गांव में स्थानीय लोगों से रूबरू हुए तथा उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इससे पूर्व विधायक ने ग्राम पंचायत भतल्ला के अंतर्गत तोता रानी (वार्ड नंबर-5) में भी लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

क्षेत्रवासियों ने बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं, जिनमें से कई का समाधान मौके पर ही किया गया।

इसके उपरांत विधायक ग्राम पंचायत काजलोट के वार्ड नंबर-5 में आयोजित धन्यवाद समारोह में भी शामिल हुए, जहां स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। विधायक ने यहां भी लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

इस अवसर परएटीसी शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया, डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रशेखर, एसडीओ विद्युत विभाग आशीष चौधरी, एसडीओ जल शक्ति विभाग पंकज चौधरी, एआरओ धर्मशाला सौरव शर्मा, जयचंद जरियाल, भरत सिंह जरियाल, अमित सिंह जरियाल, विशन दास, पूर्ण सिंह जरियाल, ज्योति जरियाल, पंडित चमन लाल, नमिता मेहरा, विजय शंकर, नीरज थापा, किशोर थापा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

==============================
जिला कांगड़ा में पशुओं के लिए मुंह-खुर व पीपीआर टीकाकरण अभियान शुरू
धर्मशाला, 07 अप्रैल: उप निदेशक, पशुपालन विभाग, सीमा गुलेरिया ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा गाय एवं भैंस प्रजाति के पशुओं में मुंह-खुर रोग के विरुद्ध टीकाकरण अभियान आरंभ कर दिया गया है, जो 16 मई 2026 तक चलेगा। उन्होंने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने गाय-भैंस का टीकाकरण अवश्य करवाएं तथा इस अभियान को सफल बनाने हेतु विभागीय कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण का पंजीकरण आॅनलाइन पोर्टल ‘भारत पशुधन’ पर भी किया जाएगा। इसके साथ ही भेड़ एवं बकरियों में पीपीआर रोग के विरुद्ध टीकाकरण भी किया जा रहा है। अतः सभी भेड़-बकरी पालकों से आग्रह है कि वे इस बीमारी से बचाव के लिए अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं।
===========================================
धुम्मु शाह में देश -विदेश के नामी पहलवान दिखाएंगे जौहर
नौ अप्रैल से 11 अप्रैल तक आयोजित होगी छिंज
धर्मशाला, 07 अप्रैल: जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रवि षंकर ने जानकारी दी है कि धुम्मु षाह, दाड़ी मेला 2026 के छिंज (दंगल) प्रतियोगिता का आयोजन उप-मंडल अधिकारी एवं जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यलय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में ”हिमाचल केसरी“, ”हिमाचल कुमार/कुमारी“ जैसे खिताब प्रदान किए जाएंगे। हिमाचल केसरी के पुरूष वर्ग में विजेता को 1 लाख, उपविजेता को 75 हज़ार, तृतीय को 50 हज़ार रूपये तथा महिला वर्ग में विजेता को 75 हज़ार, उपविजेता को 50 हज़ार तथा तृतीय को 30 हज़ार रूपये दिये जाएंगे। उन्होंने बताया कि 18 साल से कम उम्र के लड़कों के वर्ग (हिमाचल कुमार) के विजेता को 31 हज़ार, उपविजेता को 21 हज़ार तथा तृतीय को 11 हज़ार तथा 18 साल से कम उम्र की लड़कियों (हिमाचल कुमारी) के वर्ग के विजेता को 10 हज़ार, उपविजेता को 7 हज़ार तथा तृतीय को 5 हज़ार रूपये दिये जाएंगे।
उन्होंने बताया कि छोटी माली का आयोजन 9 अप्रैल, बड़ी माली 10 अप्रैल तथा विशेष दंगल 11 अप्रैल का किया जाएगा। विशेष दंगल में ईरान सहित जम्मू से लालू, रोहतक से विकाश काला, उत्तरप्रदेश से अभिनायक, डेराबाबानानक से पम्मा, लालिया से जिंदर, पठानकोट से आकाश, दिल्ली से रोहित, परागपुर से बाबू, कोटकहलूर से बंटी तथा हरियाणा से रोहित बादशाह भाग लेंगे।
छिंज प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक पहलवानों का पंजीकरण 09 अप्रैल को प्रातः 9 बज़े से सायं 4 बज़े तक तथा 10 अप्रैल को प्रातः 9 से 11 बजे तक छिंज मैदान, दाड़ी में किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए 97365-13552, 94181-60202, 85804-27681 पर संपर्क करें।
===========================

दाड़ी फीडर में 8 अप्रैल को बिजली बंद
धर्मशाला 07 अप्रैल: धर्मशाला विद्युत उपमंडल नम्बर-2 के सहायक अभियन्ता रमेश चंद ने जानकारी दी कि विद्युत लाईनों के सामान्य रखरखाव के चलते 11 केवी दाड़ी फीडर के क्षेत्रों शीला, पास्सू, भतेड, लोअर सुक्कड़, कनेड़, हरनेड, अपर मनेड और दाड़ी विद्युत उप-मंडल के आसपास के अन्य क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे या कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। खराब मौसम की स्थिति में, कार्य अगले दिन किया जाएगा। उन्होने साधारण जनता से सहयोग की अपील भी की है।
===========================================
मशीन आॅपरेटर, अपरेंटिस के भरे जाएंगे एक हजार पद
धर्मशाला, 07 अप्रैल: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड बद्दी द्वारा मशीन आॅपरेटर, अपरेंटिस पुरूष एवं महिला के एक हजार पद भरे जाने प्रस्तावित हैं। इन पदों हेतु दसवी, बारहवीं व आईटीआई (फिटर, कोपा, स्ंिवग टेक्नोलाॅजी) शैक्षणिक योग्यता रखी गई है। 18 से 27 वर्ष की आयु के युवा इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। चयनित आवेदक को 13 हज़ार 500 रुपए प्रति माह वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र यदि हो साथ लेकर 08 अप्रैल को उप रोज़गार कार्यालय, देहरा, 09 अप्रैल को उप रोज़गार कार्यालय, नगरोटा बगवां तथा 10 अप्रैल 2026 को क्षेत्रीय रोज़गार कार्यालय, पालमपुर को प्रातः 10ः00 बजे पहुंचकर उक्त कम्पनी के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। इस साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।
============================================

15 अप्रैल को निकाले जाएंगे लकी ड्रा: ओ. पी. शर्मा
धर्मशाला, 07 अप्रैल: जिला रेडक्राॅस सोसाइटी के सचिव ओ. पी. शर्मा ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि रेडक्राॅस लकी ड्रा अब 15 अप्रैल को निकाले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आज रेडक्राॅस मेले के दौरान इन लकी ड्रा का आयोजन किया जाना था, लेकिन अचानक हुई वर्षा के कारण इन्हें स्थगित करना पड़ा।
सचिव ने बताया कि अब सभी लकी ड्रा निर्धारित नई तिथि 15 अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर कार्यक्रम का हिस्सा बनें।