हमीरपुर में 11-12 अप्रैल को 32 अस्पतालों में लगेंगे एचपीवी के टीके
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 14-15 वर्ष की लड़कियों के अभिभावकों से की अपील

हमीरपुर 10 अप्रैल। लड़कियों को सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 11 और 12 अप्रैल को भी जिला हमीरपुर के 32 अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन के टीके लगाए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि भारत में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्विकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है और हर वर्ष इस बीमारी के लगभग 12-13 लाख नए मामले सामने आते हैं। इससे 75,000-80,000 महिलाओं की दुखद मृत्यु होती है। यह कैंसर एचपीवी नामक वायरस के कारण होता है। अगर समय पर टीकाकरण हो जाए तो इस वायरस से बचा जा सकता है। इसी उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुमोदित है। विश्व के 150 से अधिक देशों में इस वैक्सीन की करोड़ों खुराक सफलतापूर्वक दी जा चुकी हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह टीका निजी क्षेत्र में काफी समय से उपलब्ध है, लेकिन इसकी लागत अधिक होने के कारण सभी के लिए सुलभ नहीं था। अब सरकार इसे 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध करवा रही है। टीकाकरण से संबंधित सभी विवरण यू-विन डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किए जाते हैं। इस पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर और टीका लगवाने के लिए अपॉइंटमेंट लेकर सीधे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर टीका लगवाया जा सकता है। टीकाकरण केंद्र पर लड़की का आयु प्रमाण पत्र अवश्य साथ लाएं। यह टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है, परंतु अभिभावकों की सहमति आवश्यक है।

=============================================

पीएनबी की सोल्जरथॉन में भूतपूर्व सैनिकों और बैंकरों ने लगाई दौड़

हमीरपुर 10 अप्रैल। पंजाब नेशनल बैंक ने भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए शुक्रवार सुबह यहां फोरलेन बाईपास पर दौड़ ‘सोल्जरथॉन’ आयोजित की। ‘रन विद सोल्जर्स, रन फॉर सोल्जर्स’ विषय पर आयोजित इस सोल्जरथॉन में सीएसडी कैंटीन हमीरपुर के मुख्य प्रबंधक कर्नल (सेवानिवृत्त) सुरेश ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। जबकि, कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के प्रमुख अरविंद यादव ने की।
इस दौड़ में भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों सहित लगभग 125 लोगों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
इस अवसर पर कर्नल सुरेश ठाकुर ने उपस्थित बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्हें व्यस्त कार्यशैली के बीच शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नियमित व्यायाम, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने पर बल दिया।
पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के प्रमुख अरविंद यादव ने अपने संबोधन में भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में देशभक्ति, सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित भी किया गया।

=======================================

महर्षि मंदिर मारकण्ड परिसर में 13 से 15 अप्रैल तक मनाया जाएगा बैसाखी मेला

बिलासपुर 10 अप्रैल: उप मंडलाधिकारी (नागरिक) सदर एवं अध्यक्ष मंदिर न्यास श्री महर्षि मार्कण्डेय मारकण्ड मंदिर बिलासपुर डाॅ. राजदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री महर्षि मंदिर मारकण्ड परिसर में 13 से 15 अप्रैल तक बैसाखी मेला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मेला शुभारम्भ 13 अप्रैल को सायं 3 बजे किया जाएगा, जबकि समापन 15 अप्रैल को छिंज/दंगल के आयोजन के बाद किया जाएगा।
उन्होंने सभी से 13 अप्रैल को इस उत्सव के शुभारम्भ अवसर पर आयोजित होने वाली झंडा रस्म की शोभा यात्रा तथा 15 अप्रैल को छिंज/दंगल के समापन समारोह में भाग लेने का आग्रह किया।

===============================================

12 अप्रैल को परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू, रैली व लाउडस्पीकर पर रोक
एनडीए व सीडीएस परीक्षा के मद्देनजर एसडीएम ने जारी किए आदेश

मंडी, 10 अप्रैल। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 12 अप्रैल को आयोजित होने वाली एनडीए एंड एनए (1) तथा सीडीएस (1), 2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए उपमंडल दण्डाधिकारी मंडी रुपिंदर कौर ने चार परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 बी.एन.एस.एस. के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार 12 अप्रैल को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी (उप केंद्र-001), वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी (उप केंद्र-002), राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (गर्ल्स) मंडी (उप केंद्र-003) तथा आईटीआई मंडी (उप केंद्र-004) के आसपास किसी भी प्रकार के सामाजिक, सांस्कृतिक अथवा राजनीतिक कार्यक्रम, जुलूस, रैली, नारेबाजी और हड़ताल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
आदेशों के तहत परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर के प्रयोग, निर्माण कार्य, टेंट या मंच लगाने अथवा हटाने पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्रों के आसपास हथियार, लाठी, गोला-बारूद, तलवार अथवा अन्य घातक वस्तुएं लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।

=========================================

सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 120 पदों हेतु भर्ती, 16 से 18 अप्रैल तक होंगे साक्षात्कार
धर्मशाला, 10 अप्रैल: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया है कि सिस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाइजर केवल पुरुष के कुल 120 पदों हेतु भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास तथा आयु सीमा 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा 17 हजार 500 से 23 हजार रुपये प्रति माह वेतन एवं अन्य सुविधाएं नियमानुसार प्रदान की जाएंगी।
अक्षय कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रति तथा अनुभव प्रमाण पत्र यदि हो लेकर 16 अप्रैल को उप रोजगार कार्यालय देहरा में, 17 अप्रैल को उप रोजगार कार्यालय पालमपुर में तथा 18 अप्रैल 2026 को उप रोजगार कार्यालय में नगरोटा बगवां में प्रातः 11 बजे साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में भाग लेने हेतु किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य देय नहीं दिया जाएगा।

=========================================

10 मई तक उचित मूल्य की दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित
धर्मशाला, 10 अप्रैल: जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले पुरुषोत्तम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गांव सिबलू टांडा वार्ड नंबर-13 नगर निगम पालमपुर, ग्राम पंचायत क्योरी वार्ड नंबर-2 बैजनाथ, गांव मेहला-दान पत्थर वार्ड नंबर-5 ग्राम पंचायत मजोटी विकास खंड बैजनाथ, ग्राम पंचायत करवा जागीर विकास खंड परागपुर, ग्राम पंचायत लोअर सुनहेत वार्ड नंबर-4 विकास खंड परागपुर, गांव बगरेहड़ वार्ड नंबर-3 ग्राम पंचायत मैटी विकास खंड रैत, ग्राम पंचायत मैरा वार्ड नंबर-6 विकास खंड फतेहपुर तथा ग्राम पंचायत हारसी वार्ड नंबर-2 विकास खंड लंबागांव में उचित मूल्य की दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

===========================

आंगनवाड़ी भर्ती साक्षात्कार स्थगित, नई तिथि जल्द घोषित होगी

चंबा, 10 अप्रैल-बाल विकास परियोजना अधिकारी चुवाड़ी धर्मवीर ने जानकारी दी है कि उपमंडल डलहौजी व चुवाड़ी के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों को भरने के लिए प्रस्तावित साक्षात्कार प्रशासनिक कारणों के चलते स्थगित कर दिए गए हैं। साक्षात्कार की तिथि 18 अप्रैल 2026 निश्चित थी। जिसमें 4 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा 16 आंगनवाड़ी सहायिकाओं के पदों हेतु अभ्यर्थियों का चयन किया जाना प्रस्तावित था।

साथ में उन्होंने यह भी बताया कि आवेदन प्रक्रिया और साक्षात्कार की नई तिथि शीघ्र निर्धारित की जाएगी।

==============================================

एटीएस अनिवार्य, मैनुअल फिटनेस टेस्ट को लेकर मंत्रालय से मांगी है अनुमति

राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार के मंत्रालय के समक्ष उठाया मामला

पहाड़ी राज्य की व्यावहारिक कठिनाइयों को दिया हवाला

धर्मशाला, 10 अप्रैल। भारत सरकार ने वाहनों की फिटनेस टेस्टिंग (जांच) अब विशेष रूप से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों (एटीएस) के माध्यम से करना अनिवार्य कर दिया गया है इस बाबत राज्य सरकार ने भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के समक्ष कांगड़ा जिले में आरटीओ तथा एमवीआई के माध्यम से भी कमर्शियल वाहनों का मैनुअल फिटनेस टेस्ट सुविधा जारी रखने की अनुमति मांगी तथा व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए, राज्य सरकार ने पत्र संख्या टीपीटी-एफ(5)-14-2022 के माध्यम से सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के समक्ष यह मामला उठाया है कि इस निर्णय को कुछ समय के लिए टाल दिया जाए। ताकि जनहित में सेवाओं का सुचारू हस्तांतरण और निर्बाध वितरण सुनिश्चित किया जा सके। राज्य सरकार का यह अनुरोध भारत सरकार के विचाराधीन है।

उल्लेखनीय है कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय 14.03.2026 के माध्यम से यह निर्देश जारी किया है कि 01 अप्रैल, 2026 से, जिला कांगड़ा स्थित सभी 14 पंजीकरण और लाइसेंसिंग प्राधिकरणों तथा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में वाहनों की मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग और फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने की प्रणाली को पूरी तरह से बंद किया जाए। भारत सरकार द्वारा जारी अधिसूचना संख्या जीएसआर 652( ई) दिनांक 23.09.2021 और उसके बाद के संशोधनों के अनुसार, वाहनों की फिटनेस टेस्टिंग (जांच) अब विशेष रूप से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों (एटीएस) के माध्यम से करना अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे इसमें मानवीय हस्तक्षेप पूरी तरह समाप्त हो जाएग। इन निर्देशों के अनुपालन में, राज्य में कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, सोलन और नालागढ़ में निजी निवेश के माध्यम से, तथा सरकारी क्षेत्र में हरोली (ऊना), नादौन (हमीरपुर) और बद्दी (सोलन) में एटीएस स्थापित स्थापित किए जा रहे हैं जबकि केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 81 में फिटनेस सेवाओं के लिए विस्तृत शुल्क संरचना निर्धारित की गई है। वाहनों की फिटनेस टेस्टिंग का शुल्क ₹400 से लेकर ₹1500 तक है, जो वाहन की आयु पर निर्भर करता है इसके अतिरिक्त इस पर लागू 18 प्रतिशत जीएसटी और राज्य शुल्क भी देय होंगे। प्रमाणन (फिटनेस) शुल्क को आयु-आधारित श्रेणियों में संरचित किया गया है जो मोटरसाइकिलों के लिए ₹200 से ₹2000 तक, हल्के मोटर वाहनों के लिए ₹200 से ₹15,000 तक, और 20 वर्ष से अधिक पुराने मध्यम तथा भारी वाहनों के लिए ₹25,000 तक निर्धारित है। ये संशोधित शुल्क 11 नवंबर, 2025 से प्रभावी हो गए हैं।

भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा अधिसूचित किया गया है ये शुल्क वाहनों की मैनुअल टेस्टिंग और एटीएस के माध्यम से की जाने वाली टेस्टिंग, दोनों पर समान रूप से लागू होंगे।

जिला कांगड़ा के रानी ताल स्थित ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है और 10 अप्रैल, 2026 तक, इस सुविधा केंद्र पर कुल 1,111 कमर्शियल वाहनों का फिटनेस टेस्ट किया जा चुका है। भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार, यह अनिवार्य है कि जिन जिलों में (ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन) सुविधाएँ चालू हैं, वहाँ वाहनों का फिटनेस टेस्ट केवल एटीएस के माध्यम से ही किया जाएगा।