*मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने जारी किया परामर्श*

*• बारिश व विपरीत मौसम परिस्थितियों में सतर्क रहें सभी नागरिक- अपूर्व देवगन*
*मंडी, 04 मई।* मंडी जिला में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी से सतर्क रहने की अपील की है। भारी बारिश, गर्जना एवं तेज हवाओं इत्यादि विपरीत मौसम परिस्थितियों में नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का परामर्श जारी किया गया है।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां बताया कि मौसम विभाग की ओर से 5 मई, 2026 तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है तथा इसके बाद भी येलो अलर्ट रहने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि जिला में इस वर्ष अप्रैल माह में सामान्य से लगभग 70 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है, और मई माह में भी सामान्य से अधिक वर्षा की संभावनाएं जताई गई हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जो लोग अस्थायी रूप से नदी-नालों के समीप आवास कर रहे हैं, वे विपरीत मौसम संबंधी अलर्ट के दौरान नदी-नालों से दूर सुरक्षित स्थानों पर अपनी रिहायश करें। यदि ठहरने की व्यवस्था में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो संबंधित पटवारी या पंचायत सचिव से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने सभी से आग्रह कि किया अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और बहुत जरूरी होने पर यात्रा से पहले मौसम विभाग की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यदि किसी मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है या मार्ग बाधित है, तो वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें, भले ही उसमें अधिक समय लगे, ताकि आप स्वयं भी और आपका परिवार भी सुरक्षित रह सके।
उपायुक्त ने बताया कि मंडी जिला प्रशासन समय-समय पर मौसम संबंधी परामर्श एवं चेतावनियां (अलर्ट) जारी करता रहता है, जिन्हें डीसी मंडी के आधिकारिक फेसबुक पेज, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के फेसबुक पृष्ठ तथा प्रेस के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। सभी नागरिकों से आग्रह है कि इन माध्यमों से भी नियमित रूप से मौसम की जानकारी प्राप्त करते रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
=============================================
मंडी जिला की 24 रेड जोन पंचायतों में नशे की रोकथाम के लिए एक सप्ताह में बनेगी विशेष रणनीति- अपूर्व देवगन
जिला स्तरीय नार्को समन्वय केन्द्र समिति की मासिक बैठक में उपायुक्त के सख्त निर्देश

मंडी, 4 मई। जिला स्तरीय नार्को समन्वय केन्द्र समिति (NCORD) की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लॉ एनफोर्समेंट एजेंसियां जैसे पुलिस, एनसीबी और एसटीएफ जब भी संपर्क करें, राजस्व विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचें तथा यदि गवाह के रूप में बुलाया जाए तो संबंधित विभागों के लिए उपस्थित होना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रग्स की सप्लाई रोकने के साथ-साथ इसकी मांग को खत्म करने पर भी बराबर ध्यान दिया जा रहा है और एक सप्ताह के भीतर 24 रेड जोन पंचायतों में नशे की रोकथाम के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी, जिसमें प्रत्येक विभाग की भूमिका स्पष्ट होगी।
उपायुक्त ने कहा कि भांग के पौधों के उगने के इस समय में वन विभाग को विशेष रूप से सक्रिय रहना होगा। निजी भूमि पर भांग उगाए जाने वाले की जानकारी मिल जाती है, लेकिन वन भूमि पर निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि वन भूमि पर भांग या पोस्त की अवैध खेती पाए जाने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए और स्वतः उगे पौधों को भी नष्ट किया जाए। उन्होंने एनडीपीएस अधिनियम के तहत आरोपियों की संपत्ति जब्त करने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उपायुक्त ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थित दुकानों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार के नशीले खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि अभी तक जिले में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सतर्कता जरूरी है। उन्होंने अपना विद्यालय कार्यक्रम के अन्तर्गत अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का कम से कम महीने में एक बार या त्रैमासिक दौरा करें, ताकि युवाओं में नशे के प्रति सही संदेश पहुंचे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभी तक जिले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत 122 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 178 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अफीम के 2, हेरोइन के 38, चरस के 69, प्रतिबंधित दवाओं के 6 तथा अवैध रूप से पोस्त और भांग की खेती के 7 मामले शामिल हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले खाद्य पदार्थों की बिक्री संबंधी कोई भी सूचना एसपी, एएसपी, डीएसपी या एसएचओ को दी जा सकती है और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम रोहित राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिनेश ठाकुर, डीएसपी दिनेश कुमार, जिला कल्याण अधिकारी समीर सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
========================================
*मंडी जिला में 791629 मतदाता चुनेंगे त्रि-स्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधि*
*• स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी- अपूर्व देवगन*
*मंडी, 04 मई।* जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां बताया कि मंडी जिला में पंचायतीराज संस्थाओं के स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला की 577 ग्राम पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान तथा 3305 वार्ड सदस्यों, 14 पंचायत समितियों में 267 सदस्यों तथा 36 जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया की अधिसूचना राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कर दी गई है।
अपूर्व देवगन ने बताया कि इन पदों के लिए नामांकन 7 मई, 8 मई तथा 11 मई, 2026 को सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रातः 11.00 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 12 मई, 2026 को प्रातः 10.00 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थी 14 मई व 15 मई, 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं तीन बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। नामांकन वापसी के लिए निर्धारित अवधि के तुरंत पश्चात चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को प्रतीक चिह्न आवंटित कर दिए जाएंगे और उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिला की कुल 577 ग्राम पंचायतों में तीन चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 26 मई, 2026 को 198, दूसरे चरण में 28 मई को 196 तथा तीसरे व अंतिम चरण में 30 मई, 2026 को 183 ग्राम पंचायतों में मतदान संपन्न करवाया जाएगा। मतदान का समय प्रातः 7.00 बजे से दोपहर बाद 3.00 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतदान संपूर्ण होने के उपरांत उसी दिन मतगणना के पश्चात ग्राम पंचायतों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना 31 मई, 2026 को संपन्न की जाएगी।
अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में लगभग 7,91,629 मतदाता अपने मतदान का प्रयोग करेंगे जिनमें से लगभग 3,97,054 पुरुष तथा 3,94,490 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिला में कुल 3135 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं जिनमें 2,565 सामान्य, 451 संवेदनशील तथा 119 मतदान केंद्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। मतदाता वोटर सारथी ऐप पर अपना नाम देख सकते हैं उन्होंने बताया कि विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पहचान पत्र को पंचायत चुनावों के पहचान पत्र के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। इस के अतिरिक्त आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड तथा राशन कार्ड को भी पहचान पत्र के रूप में प्रयोग किया जा सकता है।
=============================
बालीचौकी विकास खंड में पंचायत चुनावों के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम स्थापित

मंडी, 4 मई। पंचायती राज चुनावों की घोषणा के बाद विकास खंड बालीचौकी में चुनाव प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए ब्लॉक विकास अधिकारी कार्यालय, बालीचौकी में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। यह कंट्रोल रूम चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक लगातार कार्य करेगा।

कंट्रोल रूम के माध्यम से चुनाव से संबंधित सूचनाओं का संकलन, समन्वय तथा त्वरित प्रसारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उच्च अधिकारियों, मीडिया और आम जन को समय पर जानकारी उपलब्ध हो सके। साथ ही प्राप्त होने वाली प्रत्येक कॉल और संदेश का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाएगा, जिसमें संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, संपर्क नंबर, कॉल/संदेश का समय तथा उस पर की गई कार्रवाई शामिल होगी।

प्राधिकृत अधिकारी-कम-उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बालीचौकी विचित्र सिंह द्वारा कंट्रोल रूम के संचालन हेतु विभिन्न अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें इंचार्ज के रूप में इंदिवर त्रिपाठी 70180-43954 तथा नोडल अधिकारी के रूप में प्रेम पाल मेहता 70180-43954 शामिल हैं। इनके अतिरिक्त तिलक राज 70183-02670, रणजीत सिंह 94185-76664 और लोकेन्द्र पाल 82193-16867 को सहायक अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी आदेश के अनुसार ईमेल आईडी bdobalichowki@gmail.com है।

नियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी संबंधित एआरओ से नियमित रिपोर्ट प्राप्त कर उनका संकलन करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी संवेदनशील या ऐसी जानकारी, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, साझा न की जाए।
===============================================

मंडी जिला में पंचायत चुनाव-2026 के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

मंडी, 4 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि पंचायत चुनाव-2026 के दृष्टिगत जिला में विभिन्न स्तर पर तैयारियां जारी हैं। चुनावों के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। इस बारे में आदेश जारी कर दिए गए हैं।

आदेशों के अनुसार पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के दौरान जिला स्तरीय मीडिया सेल का नोडल अधिकारी जिला लोक सम्पर्क अधिकारी हेमंत शर्मा को नियुक्त किया गया है। जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय में मीडिया सेल का दूरभाष नंबर 01905-222535 तथा नोडल अधिकारी से मोबाइल नंबर 9817097970 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

इसी प्रकार पंचायत निर्वाचन के दौरान चुनाव आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जिला राजस्व अधिकारी हरीश शर्मा को नोडल अधिकारी लगाया गया है। वे जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के भी नोडल अधिकारी होंगे। इसके लिए दूरभाष नंबर 01905-222187 तथा मोबाइल 9418478500 पर सम्पर्क कर सकते हैं। मतदान दलों के परिचालन के लिए जिला विकास अधिकारी (पंचायती राज) गोपीचंद पाठक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जिनका दूरभाष नंबर 01905-222191 तथा मोबाइल 9418203333 है।