सोलन-दिनांक 08.05.2026
मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रेडक्रॉस समिति - मनमोहन शर्मा
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला रेडक्रॉस समिति पीड़ित मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर है। मनमोहन शर्मा आज विश्व रेडक्रॅास दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रोगियों को फल वितरित करने के उपरांत ज़िला रेडक्रॉस समिति के उपस्थित सदस्यों को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर ज़िला रेडक्रॉस समिति के सदस्यों के साथ क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, कुष्ठ रोग अस्पताल लोहांजी तथा टी.बी. सेनिटोरियम धर्मपुर में 130 रोगियों को फल, जूस एवं बिस्कुट इत्यादि वितरित किए।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि यह दिवस हमें ज़रूरतमंद के प्रति सेवा की भावना बनाए रखने और पीड़ित मानवता की बेहतरी की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग से ज़िला में रेडक्रॉस समिति के कार्यों का विस्तारीकरण किया जा रहा है। पीड़ित व ज़रूरतमंद लोगों तक संसाधनों को पहुंचाने में प्रबुद्ध व्यक्ति निरंतर सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने रेडक्रॉस समिति को दिए जाने वाले सहयोग के लिए सहभागियों का आभार व्यक्त किया।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में रेडक्रॉस समिति द्वारा स्थापित सहायता कक्ष के माध्यम से अभी तक 213 लोगों को सहायता एवं 02 लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई। ज़िला रेडक्रॉस सोसाइटी सोलन द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 में 42 जरुरतमंद लोगों को 02 लाख 73 हज़ार 280 रुपए की सहायता प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस समिति का कार्य निःस्वार्थ मानव सेवा करना है और ज़िला रेडक्रॉस समिति सोलन मानवता के प्रति समर्पण और सेवाभाव से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के पुनीत कार्य निरंतर जारी रखने का आग्रह किया।
उन्होंने सभी से आग्रह किया रेडक्रॉस समिति सोलन से जुड़ें और पीड़ित मानवता की सेवा में सहभागी बने ताकि अधिक से अधिक ज़रूरतमंद व्यक्तियों को आवश्यकता के समय सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि रेडक्रॉस समिति को उदारतापूर्वक अंशदान करें।
उपायुक्त ने इस अवसर पर रोगियों से वार्तालाप कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर ज़िला रेडक्रॉस समिति सोलन के सहयोग से एल.आर. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट द्वारा एक रक्त दान शिविर भी आयोजित किया गया। इस शिविर में 22 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त की धर्मपत्नी ऋचा शर्मा, सहायक आयुक्त एवं ज़िला रेडक्रॉस समिति की सचिव नीरजा शर्मा, ज़िला रेडक्रॉस समिति के आजीवन सदस्य राकेश कुमार पठानिया, अजय शर्मा, सुनीता ओबरॉय, चंद्र कला सूद, रेणु कोरियन सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
=========================================
ई.वी.एम. की प्रथम स्तरीय जांच पूर्ण
शहरी निकाय निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम.) की प्रथम स्तरीय जांच आज यहां ठोडो मैदान के समीप नगर निगम सोलन के हॉल में पूर्ण की गई। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं इस कार्य के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी राहुल जैन ने दी।
राहुल जैन ने कहा कि ई.वी.एम. की प्रथम स्तरीय जांच भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बी.एच.ई.एल.) के अभियंताओं की निगरानी में की जा रही है।
इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने प्रथम स्तरीय जांच का कार्य आरम्भ होने के समय हॉल का निरीक्षण किया और पूर्ण कार्यवाही का अवलोकन किया।
राहुल जैन ने कहा कि प्रथम स्तरीय जांच का कार्य राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देश के अनुसार पूर्ण किया गया। उन्होंने कहा कि ज़िला प्रशासन शहरी निकाय निर्वाचन को पूर्ण रूप से त्रुटिरहित, निष्पक्ष एवं सफल बनाने के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाया जा रहा है।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिव दत्त ठाकुर व कंचन राणा, भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकांत शर्मा, बहुजन समाज पार्टी के राकेश बराड़ सहित ज़िला निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे।