सोलन-दिनांक 09.05.2026
आज आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में सोलन में सुलझाए गए 3080 मामले
ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन शरद कुमार लगवाल ने की अध्यक्षता
सोलन ज़िला के विभिन्न न्यायालयों में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में आज विभिन्न पक्षों की आपसी सहमती से 3080 मामले सुलझाए गए। यह जानकारी आज यहां ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने दी।
उन्होंने कहा कि इन मामलों में कुल समझौता राशि 03 करोड़ 98 लाख 78 हजार 301 रुपए रही।
सचिव ने कहा कि इन लोक अदालतों का आयोजन ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तथा ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन शरद कुमार लगवाल की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत ज़िला मुख्यालय सोलन सहित नालागढ़, कसौली, अर्की तथा कण्डाघाट न्यायालयों में आयोजित की गई। कुल 15 लोक अदालत बैंच गठित की गई।
प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि इस अवसर पर कुल 5691 मामलो को सुनवाई के लिए पूर्व लोक अदालत बैठकों तथा लोक अदालत की विभिन्न बैंच के समक्ष रखा गया। इनमें से 3080 मामले विभिन्न पक्षों की आपसी सहमति से निपटाए गए।
उन्होंने कहा कि इन मामलों में विभिन्न बैंच के समक्ष 4955 वाहन चालान के मामले भी प्रस्तुत किए गए। इनमें से 2665 मामलों का निपटारा किया गया।
==============================
मिलिट्री नर्सिंग सेवा के सेवानिवृत्त कर्मी ज़िला सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन में करवाएं पंजीकरण
उप निदेशक सैनिक कल्याण सोलन कर्नल (सेवानिवृत) एस.के. अग्निहोत्री ने सोलन में निवास कर मिलिट्री नर्सिंग सेवा के सेवानिवृत्त कर्मियों से सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन में पंजीकरण करवाने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि अब तक पूर्व सैनिक का दर्जा मुख्य रूप से थल सेना, नौ सेना और वायु सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों तक सीमित था। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के निर्णय के उपरांत अब मिलिट्री नर्सिंग सेवा से सेवानिवृत्त कर्मियों को भी पूर्व सैनिक की श्रेणी में सम्मिलित किया गया है।
उप निदेशक ने कहा कि ज़िला सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन के पास ज़िला में निवास कर रहे सेवानिवृत्त एम.एन.एस. कर्मियों का ब्यौरा उपलब्ध नहीं है। इसलिए आवश्यक है कि पूरी जानकारी कार्यालय के पास उपलब्ध हो ताकि यह कर्मी केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कर्नल एस.के. अग्निहोत्री ने सोलन ज़िला में निवास कर रहे मिलिट्री नर्सिंग सेवा के सेवानिवृत्त कर्मियों से आग्रह किया है कि वह ज़िला सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन में सम्पर्क कर अपना नाम पंजीकृत करवाएं और पूर्व सैनिक पहचान पत्र प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष संख्या 01792-223764 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
======================================
राष्ट्रीय लोक अदालत में 5,429 मामलों का हुआ निपटारा
5 करोड़ से अधिक राशि का हुआ समझौता
धर्मशाला, 09 मई : जिला कांगड़ा के सभी न्यायालयों में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर की अध्यक्षता तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा के अध्यक्ष न्यायमूर्ति चिराग भानु सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा, धर्मशाला द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन, एन.आई. एक्ट, धन वसूली, श्रम विवाद, बिजली एवं जल बिल, धारा 125 भरण-पोषण, आपराधिक कंपाउंडेबल मामले, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, वैवाहिक, भूमि अधिग्रहण, राजस्व एवं अन्य सिविल मामलों सहित विभिन्न प्रकार के मामलों की सुनवाई की गई।
लोक अदालत में कुल 10,232 मामलों को रखा गया, जिनमें से 5,429 मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल 5,07,58,589 रुपये की राशि का अवार्ड पारित किया गया।