मतदान केन्द्रों के 100 मीटर दायरे में चुनाव प्रचार गतिविधियों पर प्रतिबंध

मंडी, 15 मई। नगर निगम मंडी चुनाव-2026 के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने आदेश जारी कर मतदान के दिन 17 मई को मतदान केन्द्रों के 100 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार संबंधी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया है। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।

जारी आदेशों के अनुसार मतदान केन्द्र अथवा उसके 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार से वोट मांगना, मतदाताओं को प्रभावित करना, किसी प्रत्याशी के पक्ष या विपक्ष में प्रचार करना, मतदाताओं को मतदान से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा चुनाव संबंधी कोई भी गैर-आधिकारिक पोस्टर, बैनर, नोटिस या संकेतक प्रदर्शित करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

=========================================

बेहल से चार, गोड़ागागल से तीन और कोट बल्ह से एक उम्मीदवार ने लिया नाम वापिस

बल्ह, 15 मई। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने बताया कि जिला परिषद वार्ड बेहल से चार, गोड़ागागल से तीन तथा कोट बल्ह से एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापिस ले लिया है।उन्होंने बताया कि बेहल वार्ड से गोपाल सिंह, नरेन्द्र कुमार, जय सुख लाल और नानक चंद ने अपने नाम वापिस लिए हैं। वहीं गोड़ागागल वार्ड से नितिन ठाकुर, कुलदीप नेगी और वीरेन्द्र कुमार ने नाम वापिस लिए, जबकि कोट बल्ह वार्ड से मनोज कुमार ने अपना नाम वापिस लिया है। नाम वापिसी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब कोट बल्ह वार्ड से 7 उम्मीदवार, लोअर रिवालसर से 5, गोड़ागागल से 5, महादेव से 4 तथा बेहल वार्ड से 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

=========================================

रोड़ और ब्रयोगी वार्डों के एक-एक उम्मीदवार ने लिया नाम वापिस

थुनाग (मंडी), 15 मई। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा ने बताया कि उपमंडल थुनाग के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्ड 12-रोड़ और 13-ब्रयोगी से एक-एक उम्मीदवार ने अपने नाम वापिस ले लिए हैं। उन्होंने बताया कि रोड़ वार्ड से डैल राम तथा ब्रयोगी वार्ड से पपलेश सिंह ने नाम वापिस लिए हैं। नाम वापिसी के बाद अब वार्ड 12-रोड़ से कमल देव, गोपाल सिंह, चन्द्रमणी, लीलाराम, शिव चंद और संतोष कुमार चुनाव मैदान में हैं। वहीं वार्ड 13-ब्रयोगी से डिम्पल शर्मा, तरूण, धनदेव, नरेन्द्र कुमार, परस राम और रोहित कुमार उम्मीदवार हैं।