चंडीगढ़,16 मई। सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में धांधली, योग्य होते हुए भी अयोग्य घोषित किए जाने और ग्रुप बी की नौकरियों में 90 प्रतिशत हरियाणा प्रदेश से बाहर के भाजपा शासित प्रदेशों के लोगों की भर्ती की जाने और हरियाणा के योग्य युवाओं की घोर अनदेखी किए जाने पर इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी 18 मई को सुबह 11 बजे, सेक्टर 4, पंचकूला स्थित हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय के सामने एक बड़ा प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन करेगी। बाहर के लोगों को तरजीह देने से हरियाणा के युवा नौकरी से वंचित हो गए हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा तो सरकारी नौकरियों में सिर्फ बाहर के लोग ही नजर आएंगे और हरियाणा का युवा बेरोजगार।

यह प्रदर्शन इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, युवा के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला, आईएसओ के राष्ट्रीय प्रभारी एवं रानिया से विधायक अर्जुन चौटाला एवं डबवाली से इनेलो के विधायक अदित्य देवीलाल भी मौजूद रहेंगे। इस प्रदर्शन में इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आदेश अनुसार सभी इनेलो कार्यकर्ता, राज्य कार्यकारिणी के सदस्य, जिला और हलका प्रधान, प्रकोष्ठों के राज्य अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष समेत भारी संख्या में लोग भाग लेंगे।

एचपीएससी के सामने प्रदर्शन करने के बाद आने वाले समय में इनेलो पार्टी के प्रकोष्ठों द्वारा और बेहतर कार्य करने की रूपरेखा बनाने के लिए दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय पर अभय सिंह चौटाला महिला प्रकोष्ठ की राज्य कार्यकारिणी, जिला एवं हलका संयोजकों की बैठक लेंगे। उसके बाद 3 बजे युवा प्रकोष्ठ एवं आईएसओ तथा सोशल मीडिया सेल की राज्य कार्यकारिणी एवं जिला व हलका संयोजकों की बैठक लेंगे।