हरियाणा में जंगलराज, हर दिन सनसनीखेज वारदातों से दहल रहा हरियाणा - दिग्विजय चौटाला
May 16, 2026 04:36 PM
चंडीगढ़, 16 मई। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि नींद में सोई पुलिस और सरकार के चलते बदमाश बेखौफ है और आए दिन सनसनीखेज वारदातों से हरियाणा दहल रहा है। दिग्विजय ने कहा कि सुरक्षा के लाख झूठे दावे करने वाली भाजपा सरकार के राज में पिछले 24 घंटे में ही चार दिनदहाड़े बड़ी वारदातें हुई है, ऐसे में डर के साए में जीने को मजबूर जनता यही सवाल उठा रही है कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज है या नहीं ? उन्होंने कहा कि जब लोग अपने घर और दफ्तर में ही सुरक्षित नहीं है तो वे सड़क पर कैसे खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे ? दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में गृह विभाग का जिम्मा संभाल रहे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश की कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह से विफल साबित हुए है और इसके चलते हरियाणा में जंगलराज जैसे हालात बन गए है।
दिग्विजय चौटाला ने पिछले 24 घंटे की कई सनसनीखेज वारदातों का जिक्र करते हुए बताया कि शनिवार को झज्जर में अपने घर के बाहर फोन पर बात कर रहे युवक की 20 से ज्यादा गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। खरखौदा कोर्ट परिसर में पेशी पर आए एक शख्स को गोलियों से भूना दिया गया, यमुनानगर में प्रॉपर्टी एडवाइजर की उसके दफ्तर में ही चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वहीं शुक्रवार को करनाल में दिनदहाड़े एक महिला क्लर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिग्विजय ने कहा कि पुलिस को बदमाश खुला चैलेंज कर रहे है। उन्होंने कहा कि थोड़े दिन पहले एक ही दिन में पहले बदमाशों ने कलानौर में एक मोबाइल दुकानदार को गोली मारी फिर वही बदमाश दादरी जाकर खुलेआम गली में टहल रहे एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर देते है। यमुनानगर में सुबह साढ़े पांच बजे सैर पर निकले एक किसान को गोलियों से भून दिया जाता है। दिग्विजय ने कहा कि हिसार में एक शिक्षिका की बेरहमी से हत्या करने के मामले में आरोपी की स्पष्ट पहचान होने के बावजूद 15 दिनों के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है और इसको लेकर लोगों में खासा रोष है।
दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि अन्य राज्यों में जाकर भाजपा सरकार की झूठी वाहवाही करने में व्यस्त हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को राज्य में चरमराई कानून व्यवस्था को तुरंत संभलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध को रोकने के लिए सरकार को नींद से जागकर पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी तय करनी चाहिए और बदमाशों पर लगाम के लिए कोई ठोस कदम चाहिए ताकि जनता डर के माहौल से बाहर निकल सके।
For further display of news in English with photographs in JPG file on "indianewscalling.com"
CONTACT: M.M.Khanna, Web-Master cum Director
Location: 585, Shantivan Housing Coop Society,
Sector-48 A, Chandigarh-160047
Ph: 0172-4620585 , Mobiles: 09217737625 & 9877215655
Email: mmk.vvi@gmail.com & mmkhanna585@yahoo.com
Share this News/Article on Facebook Share this News/Article on Facebook