पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों की तैयारियां अंतिम चरण में: उपायुक्त
मतदान कर्मियों की रिहर्सल प्रक्रिया जारी, चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
बिलासपुर, 22 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तीव्र गति से जारी हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत अब मतपत्र लेखन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले को लगभग 15 लाख मतपत्र प्राप्त हुए हैं, जिन्हें संबंधित सहायक निर्वाचन अधिकारियों को समान रूप से वितरित कर दिया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि सामान्यतः कुल मत पत्रों में 10 से 15 प्रतिशत अतिरिक्त मत पत्र भी रखे जाते हैं, ताकि प्रिंटिंग, लेखन अथवा टाइपिंग संबंधी किसी तकनीकी त्रुटि की स्थिति में उनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि 23 मई तक मतपत्र लेखन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए जिला के चारों उपमंडलों में मतदान कर्मियों की रिहर्सल भी लगातार आयोजित की जा रही है। इसके अतिरिक्त तीन चरणों में प्रस्तावित पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के लिए मतदान दलों को मतदान से दो दिन पूर्व संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया जाएगा, ताकि समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से चुनाव प्रक्रिया पूरी की जा सके।
उन्होंने विकास खंड बिलासपुर सदर में 50 बैलेट पेपर के अनुपलब्ध (मिसिंग) होने के मामले पर कहा कि इस संबंध में सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एआरओ को हटा दिया है तथा इस संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज करवा दी गई है। इसके अतिरिक्त संबंधित अधिकारी के निलंबन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को अनुशंसा प्रेषित कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि चुनाव टीमें पूरी सतर्कता के साथ मतपत्रों के लेखन का कार्य कर रही हैं। कुछ मतपत्र प्रिंटिंग, लेखन अथवा टाइपिंग संबंधी किसी तकनीकी त्रुटि के कारण खराब हो जाते हैं उन्हें अमान्य घोषित कर दिया जाता है।
उपायुक्त ने कहा कि आगामी 26, 28 एवं 30 मई को आयोजित होने वाले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है।
=====================================
सर्विकल कैंसर से बचाव को अभिभावक अवश्य करवाएं बेटियों का टीकाकरण: राहुल कुमार
24 और 31 मई को बिलासपुर में लगेंगे विशेष एचपीवी टीकाकरण कैंप
बिलासपुर, 22 मई: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के माध्यम से आगामी 24 और 31 मई रविवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के अंतर्गत विशेष टीकाकरण कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को सर्विकल कैंसर से बचाव को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण किया जाएगा।
उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों को सर्विकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत में सर्विकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। जिसके प्रतिवर्ष लगभग 1.2 से 1.3 लाख नए मामले सामने आते हैं तथा लगभग 75 से 80 हजार महिलाओं की मृत्यु होती है। यह कैंसर एचपीवी नामक वायरस के कारण होता है, जिससे समय पर टीकाकरण के कारण प्रभावी सुरक्षा प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान विशेष रूप से 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए संचालित किया जा रहा है। एचपीवी का टीका लड़कियों को जीवनभर सर्विकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों तथा समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वह छूटी हुई पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें तथा टीके से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने में सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर में पात्र 2735 बालिकाओं में से 1020 बालिकाओं का एचवीपी टीकाकरण किया जा चुका है तथा कुल 37 प्रतिशत कवरेज हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के औसत से बेहतर तथा अन्य जिलों की तुलना में बिलासपुर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य खंडवार टीकाकरण के अनुसार मार्कंड क्षेत्र में 239, घुमारवीं में 307, झंडूता में 317 तथा श्री नैना देवी जी क्षेत्र में 157 बालिकाओं का टीकाकरण गत 29 मार्च से 21 मई तक किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण से संबंधित सभी विवरण यू-विन डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे, जहां अभिभावक पंजीकरण कर अपॉइंटमेंट ले सकते हैं अथवा सीधे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर टीकाकरण करवा सकते हैं। टीकाकरण केंद्र पर बालिका का आयु प्रमाण पत्र साथ लाना आवश्यक होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है, परंतु इसके लिए अभिभावकों की सहमति आवश्यक है।
उपायुक्त ने कहा कि आज लिया गया यह छोटा निर्णय बेटियों को भविष्य में सर्विकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जीवनभर की सुरक्षा प्रदान कर सकता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वह बेटियों को इस सुनहरे अवसर से वंचित न रखें और समय पर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अवश्य करवाएं।
जिला के इन 30 स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध है एचपीवी टीकाकरण की सुविधा
राहुल कुमार ने बताया कि जिला बिलासपुर में यह टीकाकरण कुल 30 चिन्हित स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किया जा रहा है। सरकार यह सुविधा सभी पात्र बालिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध करवा रही है।
जिले में चिन्हित टीकाकरण केंद्रों में घुमारवीं स्वास्थ्य खंड के अंतर्गत सीएचसी भराड़ी, सिविल अस्पताल घुमारवीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरलोग तथा कुठेड़ा शामिल हैं। झंडूता स्वास्थ्य खंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तलाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेड़ी, गेहड़वीं, कलोल, मरोतन, पनौल तथा ऋषिकेश के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता तथा सिविल अस्पताल बरठीं शामिल है।
इसी तरह मार्कंड स्वास्थ्य खंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागी सुंगल, भजोन, छड़ोल, मलोखर, मंडी मनवां, नम्होल, राजपुरा, सिविल अस्पताल मार्कंड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंजगाईं तथा मातृ-शिशु अस्पताल बिलासपुर जबकि श्री नैना देवी जी स्वास्थ्य खंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेहल, भाखड़ा, स्वाहण, तरसूह, टोबा, सिविल अस्पताल घवांडल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट में यह टीकाकरण सुविधा उपलब्ध रहेगी।
=========================================
शहीद सूबेदार बलदेव कुमार शर्मा को दी श्रद्धांजलि, वीर नारी का किया गया सम्मान
उपायुक्त राहुल कुमार ने शहीद को अर्पित किये श्रद्धासुमन, स्मृति में रखा दो मिनट का मौन
बिलासपुर, 22 मई: बिलासपुर के चंगर सेक्टर स्थित शहीद स्मारक पर आज श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में देश की रक्षा करते हुए मणिपुर में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद सूबेदार बलदेव कुमार शर्मा (जनरल ड्यूटी), 29 असम राइफल्स को उपायुक्त राहुल कुमार ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान शहीद सूबेदार बलदेव कुमार शर्मा की धर्मपत्नी वीर नारी अरुणा देवी एवं उनके परिवार को स्मृति चिन्ह, शॉल तथा तिरंगा बैज भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शहीद की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उनके पुत्र विवेक कुमार, पुत्रवधू रीमा शर्मा तथा पौत्र विवान शर्मा भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन हिमाचल प्रदेश वेटरन सैनिक कल्याण एवं विकास समिति तथा एक्स सर्विसमैन सैनिक लीग बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। समारोह में जिला सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला बिलासपुर के गांव निघ्यार, (मरुडा) डाकघर तलाई तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर निवासी शहीद सूबेदार बलदेव कुमार शर्मा ने 19 जून 1980 को असम राइफल्स में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लिया था। 22 मई 2016 को मणिपुर के चंदेल जिले के जौपी क्षेत्र में वह कमांडेंट की क्विक रिएक्शन टीम का हिस्सा थे। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर लौटते समय शिव मंदिर के समीप उग्रवादियों ने उनकी टीम पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वेटरन सैनिक कल्याण एवं विकास समिति के प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन बालक राम शर्मा, डीएसपी मनीष चैधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में इकाई अध्यक्ष सूबेदार मेजर संजीव कुमार, सूबेदार मेजर कुलवंत पटियाल, सचिव सूबेदार सागर सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष सूबेदार वचन सिंह चंदेल, सूबेदार रणजीत सिंह ठाकुर, सूबेदार सुभाष चंदेल, सूबेदार सरबजीत सिंह ठाकुर, कैप्टन जय सिंह ठाकुर, हवलदार सलिंद्र कुमार, सूबेदार मेजर राम कृष्ण, वीर नारी अरुणा देवी, वीर नारी मीरा देवी, वीर नारी निशा देवी सहित जिला के अनेक पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।
====================================
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर श्री राहुल कुमार ने आज खंड विकास अधिकारी कार्यालय बिलासपुर सदर स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैलेट पेपर से संबंधित विस्तृत जानकारी भी हासिल की। उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) यशपाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
=====================================
जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए कुल 557 मतदान केन्द्र स्थापित
47 अतिसंवेदनशील, 130 संवेदनशील तथा 380 सामान्य मतदान केन्द्र
बिलासपुर 22 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि आगामी 26, 28 तथा 30 मई को निर्धारित पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए जिला में कुल 557 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए है। जिनमें 47 अतिसंवेदनशील, 130 संवेदनशील तथा 380 सामान्य मतदान केन्द्र शामिल है।
उन्होंने बताया कि जिला में स्थापित कुल 557 मतदान केन्द्रों में से 152 सदर, 191 घुमारवीं, 135 झंडूता तथा 79 श्री नैना देवी जी विकास खण्ड के अंतर्गत स्थापित किए गए है। उन्होंने बताया कि सदर विकास खण्ड के अंतर्गत स्थापित कुल 152 मतदान केन्द्रों में से 09 अतिसंवेदनशील तथा 28 संवेदनशील, जबकि घुमारवीं विकास खण्ड के अंतर्गत स्थापित कुल 191 मतदान केन्द्रों में से 09 अतिसंवेदनशील तथा 77 संवेदनशील श्रेणी में है। इसी तरह जहां झंडूता विकास खण्ड के अंतर्गत स्थापित कुल 135 मतदान केन्द्रों में से 26 अतिसंवेदनशील तथा 20 संवेदनशील, तो वहीं श्री नैना देवी जी विकास खण्ड के अंतर्गत स्थापित कुल 79 मतदान केन्द्रों में से 03 अतिसंवेदनशील तथा 05 संवेदनशील मतदान केन्द्र है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
===========================================
पंचायत चुनाव 2026 को लेकर मतदान कर्मियों को दिया प्रशिक्षण, किसान भवन में आयोजित हुई चुनावी रिहर्सल
बिलासपुर, 22 मई: पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव-2026 के तहत विकासखंड सदर, बिलासपुर में मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से किसान भवन बिलासपुर में पीठासीन अधिकारियों एवं पोलिंग अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण एवं चुनावी रिहर्सल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 650 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विकास खंड अधिकारी सदर विजय कुमार एवं पंचायत इंस्पेक्टर महेंद्र ने चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को पंचायत चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों को बैलट पेपर एवं बैलट बॉक्स के सही उपयोग के साथ-साथ चुनाव में प्रयुक्त होने वाले आवश्यक प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया भी विस्तार पूर्वक समझाई गई।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटि रहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों को मतदाताओं द्वारा मतपत्र पर सही तरीके से मोहर लगाने, मतदाता सूची के प्रभावी उपयोग तथा ऑनलाइन डाटा एंट्री से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
===========================================
सर्किट हाउस हमीरपुर की डॉरमिट्री के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू
हमीरपुर 22 मई। लोक निर्माण विभाग के हमीरपुर उपमंडल के सहायक अभियंता संजय कटोच ने बताया कि विभाग ने सर्किट हाउस हमीरपुर में 21 बेड वाली डॉरमिट्री को एचपीपीडब्ल्यूडी ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म में शामिल कर दिया है। इस डॉरमिट्री में हिमाचल निवासियों के लिए प्रति बेड 100 रुपये तथा गैर हिमाचली निवासियों के लिए प्रति बेड 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा के शुरू होने से प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अन्य शैक्षणिक उद्देश्य से हमीरपुर आने वाले विद्यार्थी विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। ये विद्यार्थी हिम अतिथि होटल के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर ठहरने के लिए सस्ती एवं सुविधाजनक आवासीय सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
