जिला परिषद उमीदवारों का जिला स्तर पर घोषित होगा अंतिम चुनाव परिणाम: उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चंबा, 23 मई -उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला चम्बा में हिमाचल प्रदेश पंचायती राज सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत जारी कार्यक्रम के अनुसार 26, 28 तथा 30 मई को तीन चरणों में मतदान संपन्न करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत वार्ड सदस्य, उप प्रधान व प्रधान के मतपत्रों की गणना मतदान के पश्चात उसी दिन संबंधित पंचायत में होगी और परिणाम घोषित किया जायेगा।

इसी तरह जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतपत्रों की गणना 31 मई को उपमंडल एवं खंड स्तर पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 75(vi) के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जिला परिषद सदस्य के लिए मतगणना उपरांत परिणाम पत्र तैयार किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि जिला परिषद सदस्य के मतपत्र लेखा तथा प्रपत्र-38 भाग-1 को मोहरबंद लिफाफे में 31 मई को जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कार्यालय चंबा में समय पर प्रेषित किया जायेगा ओर जिला स्तर पर परिणामों का संकलन कर उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अंतिम परिणाम घोषित किया जायेगा।

================================================
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता
स्कूल वाहनों का किया जाए निरीक्षण-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चंबा, मई 23-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि जिले में विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सभी विद्यालयों से संबद्ध वाहनों तथा निजी वाहनों का संबंधित विभाग द्वारा निरीक्षण किया जाए तथा इसकी सूचना निर्धारित समयावधि में उपलब्ध करवाना सुनिश्चित बनाया जाए।
उपायुक्त आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
बैठक में उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मामलों, सड़क दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
मुकेश रेपसवाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं से पीड़ित लोगों को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत निर्धारित सहायता एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
उपायुक्त ने बैठक में ज़िले में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए गत वर्ष के दौरान हुए वाहन दुर्घटना मामलों में वाहन चालकों द्वारा शराब इत्यादि मादक पदार्थों के सेवन से संबंधित आंकड़ों की सूचना भी उपलब्ध करवाने को निर्देशित किया।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क सुरक्षा उपायों की जानकारी एवं जागरूकता को लेकर ज़िला के संवेदनशील क्षेत्रों में मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए ।
मुकेश रेपसवाल ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के वाहनों के परिचालन पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ में उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय उच्च मार्ग सहित ज़िले की सभी सड़कों के किनारे होने वाली अनाधिकृत पार्किंग एवं अतिक्रमण के मामलों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ में सड़कों के साथ लगते स्कूलों के समीप स्पीड ब्रेकर बनाने तथा जिले के विभिन्न स्थानों पर रेड लाइट स्थापित करने को लेकर भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
अध्यक्ष व्यापार मंडल वीरेंद्र महाजन, पुलिस उप अधीक्षक बलदेव दत्त, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संजीव कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. सुरेश कुमार, नोडल अधिकारी आईआरएडी डॉ. कृतिका गर्ग, सहायक अभियंता दिनेश कुमार, वीरेंद्र ठाकुर, नीतिका ठाकुर, आईआरएडी-डीआरएम एनआईसी पंकज चौहान सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे ।
==============================================
लोकतंत्र के महापर्व में 201283 महिला मतदाता निभाएंगी भागीदारी–उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चंबा, मई 23-उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज सामान्य निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जिला चंबा में कुल 201283 महिलाएं मतदाता सूची में शामिल हैं।
मुकेश रेपसवाल ने साथ में यह भी बताया कि जिला के 7 विकास खंडों में कुल 407853 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 206570 पुरुष मतदाता हैं।
उन्होंने खंडवार महिला मतदाताओं की जानकारी देते हुए बताया कि विकास खंड भरमौर में 16987,भटियात में 46925,चंबा में 31137,मैहला में 34489, पांगी में 7633 सलूणी में 32746 तथा तीसा विकास खंड में 31366 महिलाएं मतदाता सूची में दर्ज हैं।
उपायुक्त ने बताया कि विकास खंड भरमौर में कुल 36183 मतदाताओं में 19196 पुरुष मतदाता पंजीकृत हैं। इसी प्रकार विकास खंड भटियात में कुल 94111 मतदाताओं में 47186 पुरुष, चंबा में कुल 62594 मतदाताओं में 31457 पुरुष, मैहला में कुल 70040 मतदाताओं में 35551 पुरुष, पांगी में कुल 15756 मतदाताओं में 8123 पुरुष, सलूणी में कुल 65502 मतदाताओं में 32756 पुरुष तथा तीसा विकास खंड में कुल 63667 मतदाताओं में 32301 पुरुष मतदाता सूची में पंजीकृत हैं।
मुकेश रेपसवाल ने जिला की सभी महिला मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का आह्वान किया है। उन्होंने महिलाओं से अपने परिवार, पड़ोस एवं अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की है ताकि अधिक से अधिक लोगों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित हो सके।