43 लड़कियों ने लगवाया कैंसर रोधी टीका, जिला में 1414 पहुंचा आंकड़ा
31 मई को समाप्त हो जाएगा एचपीवी वैक्सीन का टीकाकरण अभियान

हमीरपुर 30 मई। सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाव हेतु आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को मुफ्त टीके लगवाने का अब आखिरी मौका है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि शनिवार को जिला में 43 लड़कियों ने यह टीका लगवाया और इसके साथ ही जिला में एचपीवी वैक्सीन का टीका लगवाने वाली लड़कियों की संख्या 1414 हो गई है।
डॉ. अजय अत्री ने बताया कि यह विशेष अभियान 31 मई को समाप्त होने जा रहा है। इसके बाद 15 वर्ष की आयु पार करने वाली लड़कियों को भविष्य में यह टीका लगवाने का अवसर नहीं मिलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि महिलाओं में बार-बार इनफेक्शन के कारण सर्विकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। सर्विकल कैंसर की शिकार लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका कारण लंबे समय तक इनफेक्शन होना ही है। एक अध्ययन के अनुसार एक लाख महिलाओं में लगभग 14 महिलाएं इससे ग्रस्त पाई जाती हैं। महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्विकल कैंसर सबसे ज्यादा पाया गया है। इस गंभीर रोग से बचाव के लिए ही एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान आरंभ किया गया है।
===============================
कांगड़ा के समस्त न्यायालयों में चलाया जा रहा है मध्यस्थता राष्ट्र के लिए अभियान
धर्मशाला, 30 मई: सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा स्थित धर्मशाला और मिहूल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मध्यस्थता और सुलह परियोजना समिति के मार्गदर्शन में ”मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0 अभियान“ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान जिला कांगड़ा के समस्त तालुका न्याायालयों तथा जिला न्यायालयों में चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य लम्बे समय से लंबित मामलों का सुलह एवं मध्यस्थता के माध्यम से शीघ्र, सरल और प्रभावी निपटारा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत विवाह एवं पारिवारिक विवाद, मोटर वाहन दुर्घटना दावे, घरेलू हिंसा से संबंधित मामले, चैक बाउंस मामले, वाणिज्यिक विवाद, सेवा मामले, समझौता योग्य आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, विभाजन, बेदखली, भूमि अधिग्रहण से संबंधि तमामले तथा अन्य उपयुक्त नागरिक मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि मध्यस्थता एक ऐसी वैकल्पिक विवाद समाधान प्रक्रिया है, जिसमें प्रशिक्षित मध्यस्थ की सहायता से पक्षकार आपसी सहमति एवं बातचीत के माध्यम से अपने विवादों का समाधान करते हैं। यह प्रक्रिया पूर्णतः गोपनीय, सरल, कम खर्चीली और समय-बचत करने वाली होती है, जिससे पक्षकारों के बीच संबंध भी बना रहते हैं और न्यायालयांे में लंबित मामलों का भार भी कम होता है।
उन्होंने जिला कांगड़ा के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों के शांतिपूर्ण, त्वरित और संतोशजनक समाधान के लिए मध्यस्थता प्रक्रिया को अपनाएं। यह अभियान जनता को सुलभ, सस्ता और प्रभावी न्याय उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
==========================================
एक से 14 अगस्त तक धर्मशाला में होगी अग्निवीर भर्ती रैली: भर्ती निदेशक
धर्मशाला, 30 मई: हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए अग्निवीर (सेना) भर्ती रैली का आयोजन 1 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक धर्मशाला में किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने बताया कि भर्ती रैली के दौरान हजारों अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जाएंगी। इसके लिए एसडीएम, खेल विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम, लोक निर्माण, विद्युत, जल शक्ति, दूरसंचार, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा। भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे सहित पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।