चण्डीगढ़, 14.09.24- : सम्पर्क सैन्टर इम्पलाईज यूनियन चंडीगढ़ के आह्वान पर सम्पर्क कर्मचारियों द्वारा मस्जिद ग्राउंड सैक्टर 20 में प्रशासन के खिलाफ रोष रैली का आयोजन किया गया। इस मौके पर रैली को संबोधित करते हुए यूनियन के महासचिव सुनील कुमार चौहान ने कहा कि शहर के सभी सम्पर्क केन्द्रों के प्रोजेक्ट इंचार्ज सुरेंद्र कुमार द्वारा अलग-अलग सम्पर्क केन्द्रों में काम कर रहे 111 से अधिक कर्मियों की बदलियां पिक एंड चूस तथा बदले की भावना व महिला कर्मियों को तंग करने के इरादे से बनाए गए प्रपोजल के आधार पर की गई है जिसके चलते वे इन आधारहीन बदलियों का कड़ा विरोध करने पर मजबूर हुए हैं। चौहान ने कहा कि इस तरह से की जा रही बदलियों की वजह से सभी सम्पर्क कर्मचारी बहुत परेशान हैं और तकरीबन 90 प्रतिशत कर्मचारियों को यकायक बदलने का प्रपोजल देने के पीछे प्रोजेक्ट इंचार्ज की मंशा ठीक नहीं है। यह प्रपोजल कर्मचारियों विशेष कर महिला कर्मियों को परेशान करने, सुचारू रूप से चल रहे काम में व्यवधान डालने तथा कर्मचारियों व उच्च अधिकारियों में खाई पैदा करने व आपसी तालमेल खत्म करने की है ।

उन्होने कहा कि प्रोजेक्ट इंचार्ज पिछले 20 साल से विभाग में इस सीट पर हैं ,तथा भाई भतीजावाद पैदा कर कर्मियों को निशाना बना रहे हैं। यही नहीं कर्मचारियों को सम्पर्क केन्द्रों में आने वाली समस्याओं का समाधान भी खुद ही ढूंढ़ने के लिए कहा जाता है हालाँकि ये प्रोजेक्ट इंचार्ज की ड्यूटी बनती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं की तरफ ध्यान दें, और प्रोजेक्ट इंचार्ज के लिए किसी अच्छी छवि वाले अधिकारी की नियुक्ति की जाए।