चंडीगढ़, 13 मार्च। जननायक जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला का 64वां जन्मदिन सादगी के साथ जनसेवा दिवस के रूप में मनाया। प्रदेशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक संस्थाओं जैसे वृद्धाश्रमों, अनाथालयों, गौशालाओं आदि जगहों पर जाकर सामाजिक कार्य किए। विभिन्न जगहों पर रक्तदान शिविरों, खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने डॉ अजय सिंह चौटाला की दीर्घायु और स्वास्थ्य की कामना की। बरोदा में जेजेपी प्रधान दिग्विजय चौटाला ने सर्कल कबड्डी महाकुंभ और रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने जेजेपी द्वारा हिसार में आयोजित रक्तदान शिविर में शिरकत की और खुद रक्तदान किया। दिग्विजय ने कहा कि इनसो, जेजेपी और जननायक सेवादल के संस्थापक डॉ अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन का यह पावन दिन है और उनकी महान विरासत, निस्वार्थ सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता से हम सभी प्रेरित है। उन्होंने कहा कि अजय सिंह चौटाला का नेतृत्व और मार्गदर्शन हमें हमेशा प्रेरित करता रहा है।

जेजेपी राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी ने कहा कि डॉ अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन के अवसर पर सभी पार्टी कार्यकर्ता संगठन मजबूती के संकल्प के साथ आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जननायक चौधरी देवीलाल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। लितानी ने कहा कि प्रत्येक जेजेपी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर संगठन को ताकत दें और अभी से ही मिशन दुष्यंत 2029 में जुट जाएं।