चिंतपूर्णी विस क्षेत्र में जल शक्ति योजनाओं से सुदृढ़ हो रहा आधारभूत ढांचा
बीते 3 वर्षों में पेयजल, सिंचाई और सीवरेज पर खर्चे 100 करोड़, 1.17 लाख से अधिक लोग हो रहे लाभान्वित
ऊना, 9 जनवरी। श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई और सीवरेज सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार योजनाबद्ध और प्रतिबद्ध ढंग से कार्य कर रही है। जल शक्ति मंडल अंब के माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई एवं सीवरेज योजनाओं का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
जल शक्ति मंडल अंब के अधिशाषी अभियंता होशियार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में अंब मंडल के अंतर्गत 59 ग्राम पंचायतों के 210 गांव, एक नगर पंचायत तथा 591 बस्तियों में कुल 1,17,151 लाभार्थियों को पेयजल, सिंचाई एवं सीवरेज सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में जल प्रबंधन को सुदृढ़ किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग द्वारा लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 100 करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्य क्रियान्वित एवं प्रस्तावित हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। इनमें 16 करोड़ की लागत से श्री चिंतपूर्णी में सीवरेज सिस्टम, 12 करोड़ से श्री चिंतपूर्णी में पेयजल योजना, 16 करोड़ से सोहारी टकोली पेयजल योजना, 6 करोड़ से अम्बेहड़ा धीरज पेयजल योजना, 8.5 करोड़ से अमरूत मिशन के तहत अम्ब में पेयजल योजना, 4 करोड़ से अम्ब में सीवरेज योजना, सलोई उठाऊ पेयजल योजना, 12 करोड़ से सोहारी टकोली में डैम से सिंचाई वितरण नेटवर्क, 12 करोड़ की नाबार्ड के तहत सिंचाई योजना तथा 7 करोड़ से अम्ब क्षेत्र में तटीकरण कार्य शामिल हैं।
रिकॉर्ड समय में विकास कार्य पूर्ण, आगे भी 100 करोड़ के विकास कार्य प्रस्तावित - सुदर्शन बबलू
चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि प्रदेश सरकार निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं रिकॉर्ड समय में विकास कार्यों को मूर्तरूप दे रही है। बीते तीन वर्षों चिंतपूर्णी विस क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्यों को रिकॉर्ड समय में तैयार करके धरातल पर उतारा गया है। राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों और मजबूत नेतृत्व के चलते चिंतपूर्णी विस क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।
श्री बबलू ने बताया कि आने वाले समय में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में अतिरिक्त 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित हैं, जिनसे क्षेत्र का आधारभूत ढांचा और अधिक मजबूत होगा तथा आम जनता को व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र में निर्णायक विकास कार्यों को मूर्त रूप देने के लिए मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
बता दें, हाल ही में जल शक्ति विभाग का जिम्मा संभाल रहे उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के बेहड़ जस्वां में 4.15 करोड़ रुपये से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया था। इस महत्वाकांक्षी योजना से बेहड़ जस्वां एवं त्याई पंचायतों के अंतर्गत आने वाले सात गांवों की लगभग 2700 की आबादी को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। इस योजना से लाभान्वित होने वाले गांवों में बागड़ू, घुंगराला, लडयाल चूक, बसूनी, धार गुजरां, त्याई तथा गिड़गिड़ शामिल हैं।
हर खेत को पानी, हर घर नल से जल सरकार का मूल लक्ष्य : मुकेश अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य हर खेत को पानी और हर घर तक नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। गरीब कल्याण और जनसेवा ही सरकार का मूल मंत्र है।
उन्होंने बताया कि ऊना जिले में पेयजल, सिंचाई और तटीकरण कार्यों पर लगभग एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, ताकि आम जनता को स्वच्छ, सुलभ और टिकाऊ जल व्यवस्था मिल सके। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से किए गए विकास कार्यों का सीधा लाभ जनता को मिल रहा है।
====================================
युवाओं के लिए विदेश में रोजगार का सुनहरा अवसर, 12 जनवरी तक कर सकते हैं ऑनलाइन पंजीकरण
ऊना, 9 जनवरी। हिमाचल प्रदेश सरकार के अधीन हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से प्रदेश के 12वीं पास युवाओं को विदेश में रोजगार का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात की किंग्सटन होल्डिंग कंपनी में जनरल हेल्पर/ फैक्ट्री हेल्पर के विभिन्न पद भरे जाएंगे।
इसके लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 12 जनवरी, 2026 तक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से https://forms.gle/u5X4D7x4xMrAVMeK6 अपना पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति दुबई में की जाएगी। साथ ही, लगभग 1,375 एईडी मासिक वेतन दिया जाएगा, जिसमें ओवरटाइम भी शामिल है। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा आवास सुविधा, चिकित्सा सुविधा तथा प्रत्येक दो वर्ष में हवाई टिकट प्रदान की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता व आयु सीमा
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को अंग्रेजी भाषा का सामान्य ज्ञान होना आवश्यक है। आयु सीमा 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वैध पासपोर्ट अनिवार्य है।
इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों का 30 हज़ार रूपये सेवा शुल्क सहित 18 प्रतिशत जीएसटी तथा 1,500 रूपये चिकित्सा शुल्क (भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशानुसार) लगेगा। अधिक जानकारी के लिए संबंधित जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।