सोलन-दिनांक 29.01.2026-कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि लैंगिक असमानता को दूर करने के लिए शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और परिवार में समान जिम्मेदारियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। विनोद सुल्तानपुरी आज यहां खण्ड स्तरीय नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय लैंगिक अभियान विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को सम्बोधित कर रहे थे।
विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय लैंगिक अभियान का उद्देश्य लिंग आधारित हिंसा को पूर्ण रूप से समाप्त करना है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार के अथक सुधारात्मक प्रयासों से लैंगिक समानता में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लिंगानुपात में सुधार के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित कर रही है। महिलाओं को जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विधिक एवं मौलिक अधिकारों की जानकारी दी जा रही है।
विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनेक ऐसे निर्णय लिए हैं जिनके दूरगामी सकारात्मक परिणाम भविष्य में प्राप्त होंगे। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार अब राशन कार्ड महिला के नाम पर बनाए जा रहे हैं। भूमि व सम्पति महिला के नाम पंजीकरण करने पर शुल्क पुरुषों की अपेक्षा कम लिया जाता है।
विधायक ने कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता में विजेता रही प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया।
शिविर में उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल ने लैंगिक समानता के विषय पर अपने बहुमूल्य विचार रखे।
विकास खण्ड अधिकारी सोलन रमेश शर्मा ने अवगत करवाया कि सोलन खण्ड में लगभग 400 स्वयं सहायता समूह कार्य कर रही हैं। इसमें लगभग 6000 महिलाएं जुड़ी है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण व उत्थान के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्योग विभाग, यूको आरसेटी, कृषि विभाग तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों ने महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकार, स्वरोज़गार, कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं समानता विषयों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की।
हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा लैंगिक अभियान के बारे में जानकारी प्रदान की।
शिविर में स्वयं सहायता समूह की सदस्यों द्वारा समूह गान के माध्यम से लैंगिक अभियान के बारे में महिलाओं को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर रंगोली, मेहंदी, नुक्कड़ नाटक व पारम्पारिक व्यजंन की प्रतियोगिताएं करवाई गई।
ग्राम पंचायत अन्हेच के प्रधान मोहन लाल कंवर, कार्यक्रम प्रबंधक बबीता शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी देवेन्द्र कुमार सहित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने शिविर में भाग लिया।