अलावला/करनाल, 04.02.26- हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि विकास योजनाओं की सफलता पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से ही संभव है। उन्होंने पारदर्शिता, सहभागिता और जवाबदेही को विकास की मूल शर्त बताया। वे ग्राम पंचायत अलावला में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे, जहां सरपंच अजीत सिंह राणा ने उनका स्वागत किया। डॉ. चौहान ने ग्राम सभा को गांव के विकास का सबसे सशक्त लोकतांत्रिक मंच बताते हुए ग्रामीणों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में रखे गए प्रस्ताव गांव की वास्तविक जरूरतों को दर्शाते हैं। सरपंच को ग्राम सभा की सूचना व्यापक रूप से प्रसारित करने का सुझाव दिया गया। उन्होंने अगली ग्राम सभा में स्वयं उपस्थित रहने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान के गुरबिंदर सिंह ने भी अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर बाद सिंह, नरेश,कृष्ण कुमार, हरपाल, राजिंदर, समरूद्दीन, तेजा राणा, कालू सिंह, लीलू सिंह, राजिंदर सिंह, नरपाल और ग्रामवासी मौजूद रहे।