28 तक ई-केवाईसी नहीं करवाई तो बंद हो सकती है पेंशन
हमीरपुर 17 फरवरी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों को ई-केवाईसी के लिए 28 फरवरी तक का समय दिया गया है। जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी नहीं करवाई है, वे 28 फरवरी तक अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों सहित अपनी ई-केवाईसी एवं सत्यापन करवा लें।
जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि अंतिम तिथि तक ई-केवाईसी न होने की स्थिति में यह समझा जाएगा कि पेंशनर अनुपलब्ध है अथवा पेंशन प्राप्त करने हेतु पात्र नहीं है तथा ऐसे पेंशभोगियों की पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी पेंशनभोगी का आधार कार्ड नहीं बना है या उसे अपडेट करने की आवश्यकता है तो वह व्यक्ति संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकता है।
ई-केवाईसी सत्यापन से जुड़ी आवश्यक जानकारी हेतु लाभार्थी जिला कल्याण अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना पर्यवेक्षक तथा संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं।
==========================================
नादौन में डिप्लोमा एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के पदों के साक्षात्कार 23 को
हमीरपुर 17 फरवरी। बद्दी की प्रसिद्ध कंपनी जूपिटर सोलर टैक प्राइवेट लिमिटेड में डिप्लोमा एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के 200 पदों को भरने के लिए 23 फरवरी को सुबह साढे दस बजे उपरोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल और केमिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमाधारक फ्रेशर या वर्ष 2022, 2023, 2024 और 2025 के पासआउट महिला एवं पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। चयनित युवाओं को बीस हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
===========================================
भलेठ में टीसीपी के नियमों के उल्लंघन पर दो लोगों को नोटिस
हमीरपुर 17 फरवरी। तहसील सुजानपुर के राजस्व मुहाल मिहाड़पुरा के अंतर्गत भलेठ में हमीरपुर-सुजानपुर सड़क के किनारे नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) विभाग के नियमों का उल्लंघन करते हुए निर्माण करने पर दो लोगों को अलग-अलग नोटिस जारी किए गए हैं।
विभाग के मंडलीय कार्यालय हमीरपुर के नियोजन अधिकारी की ओर से हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम-1977 की धारा 39 की उपधारा-1 के तहत जारी इन नोटिसों में दोनों लोगों को अवैध कार्य को तुरंत बंद करने तथा साइट पर पूर्व की स्थिति बहाल के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
--------------------------------------------------------------------
होली उत्सव के दौरान सफाई व्यवस्था के लिए निविदाएं 21 फरवरी तक
हमीरपुर 17 फरवरी। सुजानपुर में चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के उदघाटन से दो दिन पहले यानि 27 फरवरी से लेकर 5 मार्च तक सफाई व्यवस्था के लिए 21 फरवरी सुबह साढे ग्यारह बजे तक उपायुक्त के सहायक आयुक्त कार्यालय में निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
उपायुक्त के सहायक आयुक्त चिराग शर्मा ने बताया कि ये निविदाएं उसी दिन खोल दी जाएंगी।
===============================
लोकमित्र केन्द्रों पर निःशुल्क करवा सकते हैं रोजगार पंजीकरण: जिला रोजगार अधिकारी
धर्मशाला, 17 फरवरी: जिला रोजगार अधिकारी आकाश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार कार्यालयों में पंजीकरण एवं नवीकरण की प्रक्रिया अब पूर्णतया ऑनलाइन कर दी गई है। इसके माध्यम से अभ्यर्थियों को पारदर्शी एवं सरल सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही हैे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक अपना रोजगार पंजीकरण अथवा नवीकरण अपने निकटतम रोजगार कार्यालय में मूल प्रमाण पत्रों सहित करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त लोकमित्र केन्द्रों के माध्यम से भी यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है, उन्होंने सभी पात्र युवाओं से अपील की कि वे अपने पंजीकरण एवं नवीकरण की प्रक्रिया समय रहते पूर्ण करें, ताकि उन्हें विभिन्न रोजगार अवसरों एवं योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने निकटतम रोजगार कार्यालय या लोकमित्र केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
========================================
25 फरवरी तक बिजली भुगतान सुनिश्चित करें उपभोक्ता: सहायक अभियंता
धर्मशाला, 17 फरवरी: विद्युत उपमंडल सिद्धपुर (योल) के सहायक अभियंता संतोष कुमार ने सिद्धपुर (योल) उपमंडल के अंतर्गत आने वाले समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि कोई भी बिजली उपभोक्ता अपना बिजली का बिल लंबित न रखें। सभी उपभोक्ता अपने बिजली के बिल का भुगतान इस माह की 25 फरवरी 2026 तक करना सुनिश्चित करें। सॉफ्टवेयर अपग्रेड के चलते 25 फरवरी 2026 के बाद किसी भी प्रकार का ना ऑनलाइन ना आॅफलाइन भुगतान संभव होगा और ना ही ग्राहक पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से कोई सेवा उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे अपने लंबित बिल का भुगतान 25 फरवरी से पूर्व सुनिश्चित करें।