शाहपुर, 28 फरवरी-आज राजकीय महाविद्यालय शाहपुर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेलकूद तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हैं, उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हैं तथा महाविद्यालय में उपलब्धि की सकारात्मक संस्कृति विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति और समाज के समग्र विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी निष्ठा से आगे बढ़ें। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और लगन से सफलता अवश्य प्राप्त होती है।

इस अवसर पर मुख्यातिथि ने महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक जिम स्थापित करने की घोषणा भी की, जिससे युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ और सशक्त बनने में सहायता मिलेगी।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विश्वजीत ने कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यातिथि ने वर्षभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नशा निवारण विषय पर प्रस्तुत लघुनाटिका के माध्यम से नशे जैसी सामाजिक कुरीति से दूर रहने का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, प्रधानाचार्य आईटीआई शाहपुर चैन सिंह, बीडीओ रैत कमलजीत, डॉ. नीरज, डॉ. विनोद, डॉ. बलविंदर, प्रधानाचार्य शमशेर भारती, प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा, प्रधानाचार्य बलजीत दियोलिया, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल, बीईईओ मिनटों देवी, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय,नीना ठाकुर, थाना प्रभारी शाहपुर राजेंद्र, सरिता सैनी, नीना पठानिया, पुष्पा जरयाल, सेवा निवृत्त कैप्टन बलि राम, पूर्व अजय बबली, कमल कटोच, ईशान शर्मा, कॉलेज स्टाफ, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित मुख्यातिथि ने वर्षभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

--