चण्डीगढ़, 12.03.26- : आज हल्लोमाजरा क्षेत्र में नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग को लेकर आज सोशल वर्कर अरविंद सिंह पूर्व सरपंच तेजिंदर सिंह, पंच दीदार सिंह और लंबरदार कप्तान सिंह के साथ चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक को बताया कि हल्लोमाजरा के सरकारी स्कूल की वर्तमान स्थिति ठीक नहीं है। स्कूल की इमारत काफी छोटी है और उसमें न तो खेल का मैदान है, न ही पढ़ाई के लिए उचित लैब की व्यवस्था है और न ही बच्चों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्ष 2022 में पूर्व प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने स्कूल का दौरा किया था। उस समय स्कूल भवन छोटा होने के कारण बच्चे टीन शेड के नीचे बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत नए स्कूल भवन के निर्माण के निर्देश दिए थे और जब तक नया भवन नहीं बन जाता, तब तक नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को कॉलोनी नंबर-4 के स्कूल में पढ़ने की व्यवस्था की गई थी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक को बताया कि पिछले तीन वर्षों में स्कूल के नए भवन के निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है। इस कारण आज दोबारा प्रशासन के समक्ष स्कूल निर्माण की मांग रखी गई।
प्रशासक ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी को स्कूल की स्थिति का जल्द से जल्द मौके पर जाकर निरीक्षण करने और नए स्कूल भवन का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि हल्लोमाजरा के बच्चों की पढ़ाई एक ही स्कूल परिसर में सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को नेशनल हाईवे और स्लिप रोड पार कर कॉलोनी नंबर-4 के स्कूल में जाने की परेशानी न उठानी पड़े।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक से हल्लोमाजरा क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था सुधारने, ग्रीन बेल्ट विकसित करने, ओपन जिम स्थापित करने तथा एक कम्युनिटी सेंटर के निर्माण की भी मांग की।