मलारी-कल्लर सड़क मार्ग आगामी 20 मार्च तक यातायात के लिए बंद
बिलासपुर, 11 मार्च : जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग मण्डल झण्डूता के अंतर्गत मलारी-कल्लर सड़क मार्ग आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी 20 मार्च तक बंद रहेगा।
उन्होंने जारी आदेश में आगामी 20 मार्च तक इस सड़क का प्रयोग करने वाले वाहनों को वाया कुठेडा लिंक सड़क मार्ग का उपयोग करने को कहा है।
उन्होंने जारी आदेशों में बताया कि इन सड़क मार्गों की मरम्मत कार्य के दौरान केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी।
================================================
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला–2026 में दो दिवसीय नाट्य उत्सव का होगा आयोजन
नलवाड़ी मेले में रंगमंच की झलक, 17 व 18 मार्च शाम दर्शकों को मिलेगा नाटकों का आनंद —डीसी
बिलासपुर, 12 मार्च-राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला–2026 के अंतर्गत इस वर्ष दो दिवसीय नाट्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी अध्यक्ष नलवाड़ी मेला कमेटी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि नाट्य उत्सव का आयोजन 17 और 18 मार्च को बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन, बिलासपुर में किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठित नाट्य संस्थाओं और कलाकारों द्वारा नाटकों की प्रस्तुति दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि 17 मार्च को नलवाड़ी मेले के उद्घाटन के उपरांत शाम 7 बजे से नाट्य उत्सव के पहले दिन दो नाटकों का मंचन किया जाएगा। पहले नाटक के रूप में रूसी साहित्यकार एंटोन चेखव द्वारा लिखित प्रसिद्ध नाटक द बेयर की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसका मंचन शिमला की नाट्य संस्था द बिगिनर्स द्वारा किया जाएगा तथा इसका निर्देशन कपिल देव शर्मा द्वारा किया गया है। इसके बाद लेखक मोहम्मद इनामुल्ला द्वारा लिखित नाटक खाली प्लेट का मंचन होगा, जिसमें कलाकार विनोद शर्मा और शिवांगी रघु अपनी अभिनय प्रस्तुति देंगे।
उपायुक्त ने बताया कि नाट्य उत्सव के दूसरे दिन 18 मार्च को शाम 6 बजे हरिशंकर परसाई की प्रसिद्ध व्यंग्य रचना एक लड़की: पाँच दीवाने पर आधारित नाटक का मंचन उड़ान थिएटर ग्रुप बिलासपुर द्वारा और निर्देशन अभिषेक डोगरा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उसी दिन नाटक जहर का मंचन भी किया जाएगा, जिसे पंकज सोनी ने लिखा है और इसका निर्देशन संजय सूद द्वारा किया गया है। इस नाटक में मंच पर संजय सूद और निशांत रघु अभिनय करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि नलवाड़ी मेले को केवल पारंपरिक मेले तक सीमित न रखकर इसे कला, संस्कृति और रंगमंच सहित विभिन्न विधाओं से जुड़े कलाकारों के लिए भी एक सशक्त मंच बनाया जाए। इससे न केवल स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा बल्कि नलवाड़ी मेले की सांस्कृतिक गरिमा को भी नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी।
उपायुक्त राहुल कुमार ने जिले के सभी कला प्रेमियों, युवाओं तथा आमजन से आह्वान किया कि वे इस दो दिवसीय नाट्य उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और नलवाड़ी मेले की सांस्कृतिक गतिविधियों का हिस्सा बनें।
=========================================
नलवाड़ी मेले में होगी ‘मिस कहलूर’ प्रतियोगिता, 15 मार्च को ऑडिशन
बिलासपुर, 12 मार्च-राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले के दौरान इस वर्ष भी ‘मिस कहलूर’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता तीसरी बार आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य जिले की प्रतिभाशाली युवतियों को मंच प्रदान करना है। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 17 से 23 मार्च तक लुहणू मैदान बिलासपुर में आयोजित होगा।
यह जानकारी उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर की 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग की युवतियां भाग ले सकेंगी। इसके लिए ऑडिशन का आयोजन 15 मार्च रविवार को बहुउद्देशीय सांस्कृतिक कला परिसर बिलासपुर में किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागियों को 15 मार्च को प्रातः 9:30 बजे बहुउद्देशीय सांस्कृतिक कला परिसर में पहुंचना सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों के लिए 16 मार्च से बहुउद्देशीय सांस्कृतिक कला परिसर में ग्रूमिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रतिभागियों को मंच प्रस्तुति, व्यक्तित्व विकास और अन्य आवश्यक पहलुओं के बारे में प्रशिक्षण दिया जा सके।
प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 31 हजार रूपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली को 21 हजार रूपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 11 हजार रूपए प्रदान किए जाएंगे।
उपायुक्त ने जिले की युवतियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और नलवाड़ी मेले की सांस्कृतिक गरिमा को और अधिक समृद्ध बना सकें।