CHANDIGARH, 16.03.26-चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-26 चंडीगढ़ के प्रधान श्री कृष्ण लाल ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद्र कटारिया को पत्र लिखकर पंजाब में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की सराहना की है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर नशे के खिलाफ अभियान चलाना एक सराहनीय और सकारात्मक पहल है।
श्री कृष्ण लाल ने जारी एक प्रेस बयान में कहा कि जिस प्रकार प्रशासक द्वारा चंडीगढ़ की विभिन्न कॉलोनियों में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएँ सुनी जा रही हैं, वह एक अत्यंत सराहनीय कदम है। इससे आम लोगों को अपनी शिकायतें सीधे प्रशासन तक पहुँचाने का अवसर मिल रहा है और उन्हें काफी राहत भी मिली है।
उन्होंने प्रशासक से आग्रह किया है कि अगला जनता दरबार बापू धाम कॉलोनी, सेक्टर-26 चंडीगढ़ में आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि बापू धाम कॉलोनी चंडीगढ़ की सबसे पुरानी कॉलोनियों में से एक है, जहाँ विभिन्न राज्यों के लोग रहते हैं और यहाँ लगभग 60–70 हजार की आबादी निवास करती है।
श्री कृष्ण लाल ने बताया कि कॉलोनी में कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। यहाँ आए दिन झगड़े-फसाद और चोरी की घटनाएँ सामने आती रहती हैं। इसके साथ ही कुछ लोग खुलेआम नशीले पदार्थों का व्यापार कर रहे हैं, जिसके कारण कई युवा नशे की चपेट में आ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों को पुलिस का कोई भय नहीं है। जब इस संबंध में पुलिस से शिकायत की जाती है तो अक्सर जवाब मिलता है कि उनके पास पर्याप्त स्टाफ नहीं है। इस कारण लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कॉलोनी के निवासी कई रोजमर्रा की समस्याओं से जूझ रहे हैं।
अंत में श्री कृष्ण लाल ने प्रशासक से अनुरोध किया है कि अगला जनता दरबार बापू धाम कॉलोनी, सेक्टर-26 में आयोजित किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएँ सीधे उनके समक्ष रख सकें और उनका समाधान हो सके।