शिमला: 17 मार्च, 2026 - हि0प्र0 विधान सभा सचिवालय के मुख्य समिति कक्ष में दो अलग-अलग समितियों क्रमश: याचिका तथा विशेषाधिकार समिति की बैठकों का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता समिति सभापति एवं हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां द्वारा की गई। 12:00 बजे मध्याह्न याचिका समिति की बैठक आरम्भ हुई जिसमें समिति सदस्य चन्द्रशेखर, रीना कश्यप, नीरज नैय्यर कमलेश ठाकुर तथा अनुराधा राणा शामिल थी। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि समिति के समक्ष स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से सम्बन्धित तीन याचिकाएं प्रस्तुत की गई जिस पर सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) एम0 सुधा देवी का मौखिक साक्ष्य लिया गया। सुनवाई के दौरान तीनों याचिकाओं को एक महीने के लिए लम्बित रखते हुए उस पर समिति ने त्वरित कार्रवाई करने को सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए।
पठानियां ने कहा कि अभी तक याचिका समिति को अलग- अलग विभागों से सम्बन्घित कुल 108 अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें से 60 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। अभी विभिन्न विभागों से 31 मामलों के उत्तर अपेक्षित हैं। जबकि 12 अभ्यावेदनों सम्बन्धी उत्तर प्राप्त किए जा चुके हैं जिन्हें अगली बैठक में समिति के समक्ष रखा जाएगा।
विभागवार विस्तृत जानकारी देते हुए समिति सभापति पठानियां ने कहा कि अभी तक समिति को शिक्षा विभाग के 22, राजस्व विभाग के 21, महिला एवं बाल विकास विभाग का 1, परिवहन के 2, प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड के 3, ग्रामीण बैंक के 6, जल शक्ति विभाग के 3, वन विभाग के 8, विविध 25, लोक निर्माण विभाग के 12, तकनीकि शिक्षा, वित्त विभाग, भाषा कला एवं संस्कृति, कार्मिक एवं पंचायती राज विभाग के एक-एक अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होने कहा कि याचिका समिति के पुर्नगठन के बाद आज यह छठी बैठक थी जिस दौरान 108 मामलों में से 60 का निपटारा किया जा चुका है। पठानियां ने कहा कि यह आमजन के लिए विभागों से न्याय पाने का त्वरित, निशुल्क तथा आसान रास्ता है। पठानियां ने कहा कि जल शक्ति, तकनीकि शिक्षा, वित्त, भाषा कला एवं संस्कृति, कार्मिक एवं पंचायती राज विभाग के सभी मामलों का निपटारा किया जा चुका है। उन्होने कहा अभी 48 मामलें लम्बित हैं जिनका निपटारा भी शीघ्र कर दिया जाएगा।
जबकि विशेषाधिकार समिति की बैठक कुलदीप पठानियां की अध्यक्षता में अपराह्न 12:30 बजे आरम्भ हुई जिसमें समिति सदस्य चन्द्रशेखर, डी0एस0 ठाकुर, पूर्ण चन्द ठाकुर, आशीष बुटेल, भवानी सिंह पठानियां तथा नीरज नैय्यर उपस्थित थे। दोनों समिति बैठकों में विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी मौजूद रहे।